देश की खबरें | बंगाल: हावड़ा सेक्स रैकेट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मां और सरगना श्वेता खान अब भी फरार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल पुलिस ने बुधवार को हावड़ा सेक्स और पोर्नोग्राफिक फिल्म रैकेट के मुख्य आरोपियों में से एक अरियान खान को दक्षिण कोलकाता के गोल्फ ग्रीन इलाके में एक ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया । एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
कोलकाता, 11 जून पश्चिम बंगाल पुलिस ने बुधवार को हावड़ा सेक्स और पोर्नोग्राफिक फिल्म रैकेट के मुख्य आरोपियों में से एक अरियान खान को दक्षिण कोलकाता के गोल्फ ग्रीन इलाके में एक ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया । एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस ने कहा कि अरियान के अलावा उसके एक साथी को भी गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी ने कहा कि अरियान को पांच दिनों तक फरार रहने के बाद गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि उसकी मां और मामले की मुख्य आरोपी श्वेता खान उर्फ फुलटूसी अब भी फरार है।
हावड़ा के पुलिस आयुक्त प्रवीण त्रिपाठी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने गोल्फ ग्रीन में एक आवास से अरियान को गिरफ्तार किया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। हम कुछ समय में अपनी जांच का विवरण आपके साथ साझा करेंगे।’’
इससे पहले हावड़ा सिटी पुलिस ने श्वेता की मां को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। श्वेता की सबसे छोटी बेटी तीन साल की है जिसे पुलिस ने कोलकाता में एक अज्ञात व्यक्ति के घर से छुड़ाया है।
पिछले सप्ताह चौंकाने वाली घटना तब सामने आई जब उत्तर 24 परगना के पानीहाटी इलाके की 22 वर्षीय एक महिला मां-बेटे के चंगुल से भागने में सफल रही, जिन्होंने कथित तौर पर उसे पिछले छह महीनों से हावड़ा के डोमजूर में अपने बांकरा-फकीरपारा फ्लैट में बंधक बनाकर रखा था। पोर्नोग्राफी शूट करने तथा बार डांसर के रूप में काम करने के लिए सहमत न होने पर उसे बेरहमी से प्रताड़ित किया गया था।
अरियान ने कथित तौर पर उसे अपनी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में नौकरी देने के बहाने अपने डोमजूर निवास पर बुलाया था, जिसकी पुलिस ने अब पुष्टि की है कि यह एक फर्जी संस्था है और मां-बेटे द्वारा चलाए जा रहे रैकेट का मुखौटा है।
पीड़िता का वर्तमान में सरकारी सागर दत्ता अस्पताल की क्रिटिकल केयर यूनिट में इलाज चल रहा है, उसके सिर, हाथ पैरों और भीतरी अंगों पर गंभीर चोटें हैं।
मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग ने पश्चिम बंगाल के डीजीपी को पत्र लिखकर अगले 48 घंटों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी है और राज्य के अधिकारियों को पीड़िता को मुफ्त चिकित्सा देखभाल और मनोवैज्ञानिक परामर्श प्रदान करने का निर्देश दिया है।
बताया जाता है कि मंगलवार शाम से अपनी बेटी की हालत बिगड़ने की खबरों के बाद उसकी मां ने न्याय की मांग करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 11, 2025 03:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

