देश की खबरें | चक्रवाती तूफान का सामना करने के लिए बंगाल तैयार, 23-26 अक्टूबर तक स्कूल बंद रहेंगे: मुख्यमंत्री ममता
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि राज्य प्रशासन आसन्न चक्रवात के कारण होने वाली किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने घोषणा की कि एहतियात के तौर पर नौ जिलों में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल बुधवार से 26 अक्टूबर तक बंद रहेंगे।
कोलकाता, 22 अक्टूबर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि राज्य प्रशासन आसन्न चक्रवात के कारण होने वाली किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने घोषणा की कि एहतियात के तौर पर नौ जिलों में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल बुधवार से 26 अक्टूबर तक बंद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और एसडीआरएफ की टीमें पहले ही तैनात कर दी गई हैं तथा राज्य और जिला स्तर पर चौबीसों घंटे एकीकृत नियंत्रण कक्षों का संचालन किया जा रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र मंगलवार सुबह गहरे दबाव के क्षेत्र में तब्दील होकर पूर्वी तट की तरफ बढ़ गया और इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।
इसने कहा कि दबाव क्षेत्र के 23 अक्टूबर तक एक चक्रवाती तूफान और 25 अक्टूबर तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने के आसार हैं जो पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों को प्रभावित करेगा।
मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा, ‘‘हमारी सरकार इस चक्रवाती तूफान का सामना करने के लिए तैयार है। हमने राज्य और जिला स्तर पर एकीकृत नियंत्रण कक्ष पहले ही शुरू कर दिए हैं और वे चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर मछुआरों को समुद्र में न जाने को कहा गया है। जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को स्थिति सामान्य होने तक नजर रखने को कहा गया है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि दक्षिण और उत्तर 24 परगना जिले, पूर्व मेदिनीपुर और इसके तटीय क्षेत्रों पर चक्रवात का गंभीर असर पड़ने की आशंका है।
उन्होंने कहा, ‘‘पश्चिम मेदिनीपुर के अलावा पड़ोसी जिलों - बांकुड़ा, झारग्राम और हुगली के भी प्रभावित होने की संभावना है। एहतियात के तौर पर इन जिलों में 23 से 26 अक्टूबर तक स्कूल बंद रहेंगे। हम कोई जोखिम नहीं लेना चाहते। स्कूल और कॉलेज कभी-कभी लोगों के लिए आश्रय स्थल के रूप में उपयोग किए जाते हैं।’’
राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुड़ा, हावड़ा, हुगली और कोलकाता जिलों में बुधवार से 26 अक्टूबर तक शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 22, 2024 09:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

