देश की खबरें | बंगाल सरकार चक्रवात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं थी, लोगों को उनके हाल पर छोड़ा: अधीर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल सरकार चक्रवात ‘रेमल’ से होने वाली तबाही से निपटने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार नहीं थी और राज्य के लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया।
बेहरामपुर (बंगाल), 28 मई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल सरकार चक्रवात ‘रेमल’ से होने वाली तबाही से निपटने के लिए पर्याप्त रूप से तैयार नहीं थी और राज्य के लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया गया।
मुर्शिदाबाद जिले के बेहरामपुर में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए चौधरी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार लोकसभा चुनाव में व्यस्त थी और उसने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को मदद पहुंचाने के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं की।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘पूरा बंगाल जानता है कि ममता बनर्जी हमेशा मौजूद रहती हैं, लेकिन उस समय नहीं जब आपको उनकी मदद की जरूरत हो।’’
‘रेमल’ ने रविवार रात पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के निकटवर्ती तटों पर भीषण चक्रवाती तूफान के रूप में दस्तक दी थी।
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि प्रशासन ने 2,07,060 लोगों को 1,438 सुरक्षित आश्रयों में स्थानांतरित किया है। प्रभावित क्षेत्र के 24 प्रखंड और 79 नगरपालिका वार्ड में लगभग 29,500 घर आंशिक रूप से या पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
बेहरामपुर लोकसभा सीट से छठी बार चुनावी मैदान में उतरे मौजूदा सांसद चौधरी ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की एक जून की बैठक में शामिल नहीं होने के बनर्जी के फैसले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा, ‘‘आप उन लोगों से पूछ सकते हैं जिन्होंने उन्हें आमंत्रित किया था।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)