कोलकाता, 19 अक्टूबर आर.जी. कर अस्पताल में एक प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टर को सोमवार को बातचीत के लिए आमंत्रित किया, बशर्ते वे “अपना आमरण अनशन समाप्त कर दें।”
इससे कुछ घंटे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रदर्शनकारी चिकित्सकों से अनशन समाप्त करने की अपील की थी।
चिकित्सकों ने हालांकि अपनी सभी मांगें पूरी होने तक अनशन समाप्त करने से इनकार कर दिया था।
शनिवार शाम प्रदर्शनकारी चिकित्सकों को संबोधित पत्र में पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव मनोज पंत ने उन्हें सोमवार को शाम पांच बजे बातचीत के लिए आमंत्रित किया। पंत ने कहा कि चिकित्सकों की अधिकतर मांगें पहले ही पूरी की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा, “माननीय मुख्यमंत्री को उम्मीद है कि यह संदेश समझ के साथ स्वीकार किया जाएगा कि जूनियर डॉक्टर जनता के स्वास्थ्य एवं कल्याण के हित में अपनी भूख हड़ताल तत्काल समाप्त कर दें। आपके उठाए सभी मुद्दों पर चर्चा की गई है और उनका जवाब दिया गया है।”
पंत ने कहा, “हालांकि, आपके अनुरोध के अनुसार अगर आप इन मुद्दों पर और चर्चा करना चाहते हैं, तो आपको भूख हड़ताल वापस लेने के बाद 21 अक्टूबर सोमवार को शाम पांच बजे नबन्ना सभागार में अपने 10 सहयोगियों के साथ मुख्यमंत्री के साथ बैठक के लिए आमंत्रित किया जाता है।”
पंत ने यह भी बताया कि बैठक केवल 45 मिनट तक चलेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY