West Bengal Assembly Elections 2021 : BJP ने और 13 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की
भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चार चरणों के लिए मंगलवार को एक पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारी समेत 13 उम्मीदवारों की सूची जारी की। पार्टी ने सरकार के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार अशोक लाहिड़ी को बालुरघाट सीट से फिर से चुनावी मैदान में उतारा है।
कोलकाता, 23 मार्च : भारतीय जनता पार्टी (Bharatiya Janata Party) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) के अंतिम चार चरणों के लिए मंगलवार को एक पूर्व वरिष्ठ सैन्य अधिकारी समेत 13 उम्मीदवारों की सूची जारी की. पार्टी ने सरकार के पूर्व मुख्य आर्थिक सलाहकार अशोक लाहिड़ी को बालुरघाट सीट से फिर से चुनावी मैदान में उतारा है. यह भी पढ़े: West Bengal: शुभेंदु अधिकारी का बड़ा हमला, कहा- पीएम मोदी सब का विकास चाहते हैं, ममता बनर्जी सिर्फ अपने भतीजे का
लाहिड़ी को पहले उत्तर बंगाल की अलीपुरद्वार सीट से चुनाव लड़वाने का फैसला किया गया था, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते अब उन्हें बालुरघाट से उम्मीदवार बनाया गया है. भाजपा ने अलीपुरद्वार से स्थानीय नेता सुमन कांजीलाल को पिछले सप्ताह प्रत्याशी घोषित किया था.
पार्टी ने सेना के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा (सेवानिवृत्त) को दक्षिण कोलकाता की रासबिहारी सीट से उम्मीदवार घोषित किया है.
चौरंगी और काशीपुर-बेलगछिया सीटों पर प्रत्याशियों द्वारा चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद पार्टी ने नए उम्मीदवारों की घोषणा की है. चौरंगी से शिखा मित्रा को टिकट दिया गया था जो कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सोमेन मित्रा की पत्नी हैं. तृणमूल विधायक माला साहा के पति तरुण साहा को काशीपुर-बेलगछिया से उम्मीदवार बनाया गया था.
भाजपा के लिए उस समय अजीबो-गरीब स्थिति उत्पन्न हो गई थी, जब मित्रा और साहा ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया और कहा कि वे पार्टी में शामिल नहीं हुए थे. पार्टी ने चौरंगी से देवव्रत माझी और काशीपुर-बेलगछिया से शिवाजी सिंह राव को उम्मीदवार बनाया है.
पार्टी ने हाल में भाजपा में शामिल हुए विश्वजीत दास को बागड़ा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. तृणमूल कांग्रेस की ओर से उन्होंने बोंगांव (उत्तर) विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था और पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए. भाजपा सांसद शांतनु ठाकुर के भाई सुब्रत ठाकुर को गायघाटा विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है.
पार्टी ने दार्जिलिंग से नीरज जिम्बा, कलीमपोंग से सुभा प्रधान और कुरसियोंग से विष्णु प्रसाद शर्मा को उम्मीदवार बनाया है. पार्टी के कई पुराने नेताओं ने उम्मीदवारों की सूची में अपना नाम नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की है.
भाजपा ने राज्य की 294 सीटों में से पहले 279 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की थी.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 24, 2021 12:51 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

