देश की खबरें | बंगाल: भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी नेताओं के घरों के घेराव संबंधी आह्वान को लेकर शिकायत की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने ईमेल के जरिए कोलकाता पुलिस के समक्ष एक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने राज्य में भाजपा नेताओं के आवासों का घेराव करने का आह्वान कर उन्हें गलत तरीके से रोकने की धमकी दी है।
कोलकाता, 23 जुलाई पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने ईमेल के जरिए कोलकाता पुलिस के समक्ष एक शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने राज्य में भाजपा नेताओं के आवासों का घेराव करने का आह्वान कर उन्हें गलत तरीके से रोकने की धमकी दी है।
टीएमसी की 21 जुलाई को यहां हुई रैली में अभिषेक ने पांच अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे से शाम छह बजे तक बूथ स्तर के सभी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के घरों का "शांतिपूर्ण तरीके से घेराव" करने का आह्वान किया था। उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से पश्चिम बंगाल को देय धनराशि जारी करने की मांग की थी।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बनर्जी ने कहा था कि ब्लॉक स्तर के नेताओं से लेकर शीर्ष नेताओं तक का घेराव होना चाहिए और आंदोलन उनके आवासों से 100 मीटर की दूरी पर होना चाहिए।
नंदीग्राम से भाजपा के विधायक अधिकारी ने पत्र में दावा किया कि टीएमसी के महासचिव ने घेराव का आह्वान किया, जबकि पार्टी प्रमुख ने अपने भाषण के दौरान इसका समर्थन किया।
अधिकारी ने हारे स्ट्रीट थाने के प्रभारी अधिकारी को ईमेल के जरिए भेजी गई शिकायत में कहा, “श्री अभिषेक बनर्जी और श्रीमती ममता बनर्जी ने भाजपा के नेताओं को गलत तरीके से रोकने की धमकी दी थी।”
अधिकारी ने मांग की कि इस शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)