देश की खबरें | नागपुर में जम्मू-कश्मीर के छात्र की पिटाई; एसोसिएशन ने फडणवीस से हस्तक्षेप की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नागपुर के फार्मेसी कॉलेज में पढ़ने वाले जम्मू-कश्मीर के छात्र की स्थानीय निवासियों के एक समूह ने पिटाई कर दी। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नागपुर, 29 अप्रैल नागपुर के फार्मेसी कॉलेज में पढ़ने वाले जम्मू-कश्मीर के छात्र की स्थानीय निवासियों के एक समूह ने पिटाई कर दी। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना क्यों हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार शाम को शहर के कामटी इलाके में हुई, लेकिन अभी तक पीड़ित की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
घटना के बारे में उन्होंने कहा कि डोडा शहर और जम्मू के रहने वाले दो छात्र अपने छात्रावास लौट रहे थे, तभी उनमें से एक शौच के लिए चला गया, जबकि दूसरा सड़क किनारे उसका इंतजार कर रहा था। दोनों फार्मेसी स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र हैं।
अधिकारी ने बताया कि उसी समय स्थानीय लोगों का एक समूह वहां आया और सड़क किनारे खड़े छात्र से पूछताछ करने लगा कि वह कहां से आया है। जब वह उनके सवालों का जवाब नहीं दे पाया तो लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी।
दूसरे छात्र ने वापस आकर स्थानीय लोगों को बताया कि दोनों एक स्थानीय कॉलेज के छात्र हैं। इसके बाद लोगों ने उन्हें जाने दिया। बाद में छात्रों में से एक ने इस घटना के बारे में ‘जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट एसोसिएशन’ के पदाधिकारी नासिर खुहामी को बताया, जिन्होंने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर इस बारे में पोस्ट किया और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
छात्र ने ‘पीटीआई-’ से बातचीत में हमले के पीछे किसी नफरत भरे मकसद से इनकार किया और कहा कि यह नागपुर में उनका पहला साल है और वे उस इलाके को अच्छी तरह से नहीं जानते थे, जहां यह घटना हुई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)