देश की खबरें | बी. डी. मिश्रा ने मेघालय के राज्यपाल पद की शपथ ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बी. डी. मिश्रा ने यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में मंगलवार को मेघालय के राज्यपाल पद की शपथ ली।
शिलांग, चार अक्टूबर बी. डी. मिश्रा ने यहां राजभवन में आयोजित एक समारोह में मंगलवार को मेघालय के राज्यपाल पद की शपथ ली।
अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल मिश्रा को मेघालय के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वह 2017 से अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल हैं।
भारतीय सेना के पूर्व ब्रिगेडियर मिश्रा ने सत्यपाल मलिक की जगह ली है। मेघालय के राज्यपाल रहे मलिक का कार्यकाल तीन अक्टूबर को पूरा हो गया था।
मिश्रा (83) ने ट्वीट किया, ‘‘ मेघालय के राज्यपाल के तौर पर शपथ ली। मेघालय उच्च न्यायालय के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश, न्यायमूर्ति एच. एस. थांगखिएव ने राजभवन के दरबार हॉल में मुझे पद की शपथ दिलाई।’’
शपथ समारोह में विधानसभा अध्यक्ष मेतबाह लिंगदोह और वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे।
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने उन्हें बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘ मिश्रा जी को मेघालय के राज्यपाल का कार्यभार संभालने की बधाई। उनके परामर्श व समर्थन के लिए तत्पर हैं.... हम अपने सुंदर राज्य में उनका स्वागत करते हैं।’’
मिश्रा ने कहा कि वह राज्य की साफ-सफाई देखकर खुश हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं पहली बार यहां नहीं आया... मैं इस जगह की साफ-सफाई व खूबसूरती से काफी प्रभावित हूं। इसके लिए लोगों को बधाई।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)