देश की खबरें | श्रीलंका दौरे के स्थगित होने के बाद बीसीसीआई ने जिम्बाब्वे दौरा रद्द किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोविड-19 महामारी के खतरे को देखते हुए शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट टीम का अगस्त में जिम्बाब्वे के संक्षिप्त दौरे को रद्द कर दिया।
नयी दिल्ली, 12 जून भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कोविड-19 महामारी के खतरे को देखते हुए शुक्रवार को भारतीय क्रिकेट टीम का अगस्त में जिम्बाब्वे के संक्षिप्त दौरे को रद्द कर दिया।
बीसीसीआई ने अभी तक राष्ट्रीय क्रिकेटरों को अभ्यास शरू करने की अनुमति भी नहीं दी है।
यह भी पढ़े | ITBP: पिछले 24 घंटे में कोरोना के 3 नए मामले सामने आए, 1 रिकवर.
इस फैसले की उम्मीद थी क्योंकि गुरूवार को श्रीलंका क्रिकेट ने घोषणा की थी कि भारत का जून-जुलाई में सीमित ओवर का दौरा अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दिया गया है।
बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ने शुक्रवार को घोषणा की कि भारतीय क्रिकेट टीम कोविड-19 महामारी के मौजूदा खतरे को देखते हुए श्रीलंका और जिम्बाब्वे का दौरा नहीं करेगी। ’’
यह भी पढ़े | मध्य प्रदेश में अब शिक्षक बेचेंगे शराब, कांग्रेस ने जताया सख्त ऐतराज.
शाह ने कहा, ‘‘टीम इंडिया को 24 जून 2020 से तीन वनडे और इतने ही टी20 के लिये श्रीलंका का दौरा करना था जबकि जिम्बाब्वे में 22 अगस्त 2020 से तीन वनडे की श्रृंखला खेलनी थी। ’’
भारत में अब तक तीन लाख कोरोना वायरस के मामले सामने आये हैं और 8500 लोगों की मौत हो चुकी है।
भारतीय टीम ने अभी तक ट्रेनिंग शुरू नहीं की है और जुलाई से पहले शिविर लगने की संभावना भी नहीं है। खिलाड़ियों को मैचों के लिये तैयार होने के लिये करीब छह हफ्ते लगेंगे।
शाह ने विज्ञप्ति में बोर्ड के कदम को दोहराया कि वह ट्रेनिंग शिविर तभी आयोजित करेगा जब ऐसा करना सुरक्षित होगा।
इसके अनुसार, ‘‘बीसीसीआई अपने अनुबंधित खिलाड़ियों के लिये शिविर तभी आयोजित करेगा जब बाहर ट्रेनिंग करना पूरी तरह से सुरक्षित होगा। ’’
इसमें कहा गया, ‘‘बीसीसीआई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट की बहाली की ओर कदम बढ़ाने को प्रतिबद्ध है लेकिन वह ऐसा कोई भी फैसला नहीं करेगा जिससे केंद्र और राज्य सरकार तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के प्रयास विफल हो जायें। ’’
उन्होंने यह भी कहा कि बीसीसीआई लगातार देश में कोविड-19 हालात का आकलन कर रहा है और सभी सरकारी दिशानिर्देशों पर विचार करने के बाद ही क्रिकेट गतिविधियां बहाल करने पर फैसला लेगा।
शाह ने कहा, ‘‘बोर्ड अधिकारी भारत सरकार द्वारा जारी परामर्शों पर ध्यान लगाये हैं और बोर्ड इन जारी दिशानिर्देशों और लगायी गयी पांबदियों का पूरी तरह पालन करने को प्रतिबद्ध है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई बदलते हुए हालात का आकलन करना जारी रखेगा। ’’
भारतीय टीम की अंतिम श्रृंखला दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर थी जो कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के बीच पहले मैच के बाद स्थगित हो गयी थी। यहां तक कि श्रृंखला का पहला मैच भी बारिश के कारण नहीं हो सका था।
जिम्बाब्वे के मुख्य कोच और पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज लालचंद राजपूत श्रृंखला के रद्द होने से निराश थे। वह अभी मुंबई में हैं।
उन्होंने पीटीआई- से कहा, ‘‘यह (श्रृंखला रद्द होना) जिम्बाब्वे क्रिकेट के लिये दुखद है क्योंकि वे भारत के खिलाफ नहीं खेल पायेंगे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)