खेल की खबरें | बल्लेबाजों ने फिर डुबोई भारत की नैया , लगातार दूसरे टी20 में हार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. एक बार फिर बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण भारत को लगातार दूसरे टी20 क्रिकेट मैच में पराजय झेलनी पड़ी और दो विकेट से रविवार को मिली जीत के दम पर वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की श्रृंखला में 2 . 0 से बढत बना ली ।
प्रोविडेंस , छह अगस्त एक बार फिर बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण भारत को लगातार दूसरे टी20 क्रिकेट मैच में पराजय झेलनी पड़ी और दो विकेट से रविवार को मिली जीत के दम पर वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की श्रृंखला में 2 . 0 से बढत बना ली ।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा के पहले अर्धशतक के दम पर सात विकेट पर 152 रन बनाये । जवाब में निकोलस पूरन ने 40 गेंद में 67 रन बनाकर अपनी टीम की जीत की नींव रखी । वेस्टइंडीज ने 18 . 5 ओवर में आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया ।
युजवेंद्र चहल ने जरूर 16वें ओवर में दो विकेट लेकर भारत को मैच में लौटाने की कोशिश की थी लेकिन अलजारी जोसेफ और अकील हुसैन ने 26 रन की अटूट साझेदारी करके भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया ।
वेस्टइंडीज को आखिरी दो ओवर में 12 रन चाहिये थे और भारतीय कप्तान हार्दिक पंड्या ने अपने सबसे सफल गेंदबाज चहल को गेंद नहीं सौंपकर गलती की ।
पंड्या ने नयी गेंद संभालते हुए पहला ओवर शानदार डाला जिसमें भारत को ब्रेंडन किंग (0) और जॉनसन चार्ल्स (2) के विकेट मिले । इसके बाद पूरन ने दबाव में आये बिना बल्लेबाजी की और पंड्या को एक छक्का भी जड़ा । उन्होंने भारत के किसी गेंदबाज को नहीं बख्शा ।
इससे पहले बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिये वर्मा ने 41 गेंद में 51 रन बनाये और टी20 मैचों में अर्धशतक जमाने वाले सबसे युवा भारतीय क्रिकेटर बन गए । पिछले मैच में उन्होंने 39 रन बनाये थे हालांकि भारत को पराजय का सामना करना पड़ा था ।
वर्मा उस समय बल्लेबाजी करने आये जब भारत ने दो विकेट 18 रन पर गंवा दिये थे । उन्होंने ईशान किशन (27) के साथ 42 रन की और कप्तान पंड्या के साथ 38 रन की साझेदारी की ।
पंड्या (24) ने दो छक्के लगाकर भारत का स्कोर बढाने की कोशिश की लेकिन अलजारी जोसेफ की यॉर्कर पर विकेट गंवा बैठे । जोसेफ ने 28 रन देकर दो विकेट लिये ।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का भारत का फैसला गलत साबित होता दिखा चूंकि विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे ।
वेस्टइंडीज के कप्तान रोवमैन पॉवेल ने गेंदबाजों का सही इस्तेमाल किया ।
ईशान ने 23 गेंद की अपनी पारी में अकील हुसैन को एक छक्का भी जड़ा लेकिन रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर आउट हो गए । शुभमन गिल (सात) एक बार फिर नाकाम रहे । वही उपकप्तान सूर्यकुमार यादव भी एक रन बनाकर रन आउट हो गए । स्क्वेयर लेग से काइल मायर्स ने सटीक थ्रो फेंककर उन्हें आउट किया ।
संजू सैमसन (सात) भी कोई योगदान नहीं दे सके और बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में चूके लेकिन निकोलस पूरन ने स्टम्पिंग में कोई चूक नहीं की ।
हुसैन , जोसेफ और शेफर्ड ने दो दो विकेट लिये ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 07, 2023 12:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

