देश की खबरें | बरोदा उपचुनाव : आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के लिये हुड्डा ने भाजपा-जजपा सरकार पर बोला हमला
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

गोहाना (हरियाणा), 26 अक्टूबर हरियाणा के बरोदा विधानसभा में हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने आये प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सब्जियों एवं आवश्यक वस्तुओं की आसमान छूती कीमतों के लिये प्रदेश की भाजपा—जजपा गठबंधन पर सरकार पर जमकर हमला बोला।

हुड्डा ने हालिया तीन कृषि कानूनों के लिये भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार को भी जमकर आड़े हाथों लिया और कहा कि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और ये तीनों कानून उन्हें आर्थिक संकट और तबाही की ओर धकेलेंगे।

यह भी पढ़े | PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती को बड़ा झटका, उनके बयान से नाराज पार्टी के तीन नेताओं ने दिया इस्तीफा.

कांग्रेस नेता ने कहा, ''अगर किसान सरकार की नीतियों का विरोध करते हैं तो उनकी आवाज को लाठियों से दबा दिया जाता है तथा झूठे मामले दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया जाता है।''

आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी के लिये मनोहर लाल खट्टर सरकार पर निशाना साधते हुये हुड्डा ने कहा, ''सब्जियों एवं आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में इतनी बढ़ोतरी हो गयी है कि आम लोगों के लिये रसोई को चलाना मुश्किल हो गया है।''

यह भी पढ़े | MP By-Poll 2020: कांग्रेस ने खेला बड़ा दांव, सिंधिया के सामने सचिन पायलट को उतारा, महाराज के गढ़ में गरजेंगे राजस्थान के पूर्व-डिप्टी सीएम.

उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा प्रदेश महंगाई एवं भ्रष्टाचार से परेशान है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ''आज प्याज, टमाटर एवं आलू की कीमतों में कई गुना वृद्धि हुयी है। दाल, चावल, आटा एवं चीनी की कीमतें उच्च स्तर पर हैं। बिजली की दरों में बढोतरी हो चुकी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद डीजल एवं पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं।''

विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ''यह सब तब हो रहा है जब लोगों की आय और नौकरियां कम हो रही हैं। यही कारण है कि हर तबका सरकार के खिलाफ सड़क पर है।''

उन्होंने जोर देकर कहा कि बरोदा उपचुनाव लोगों के लिये एक अवसर है कि वे चुनाव में इस सरकार को आईना दिखायें जो हर मोर्चे पर नाकाम रही है।

हुड्डा ने कहा कि लोगों को यह नहीं सोचना चाहिए कि यह केवल एक चुनाव है जिसमें उन्हें एक विधायक चुनना है बल्कि लोगों को यह संकेत भी देना है कि इस ‘‘निष्क्रिय सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है’’।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव में बरोदा से कांग्रेस उम्मीदवार इंदुराज नरवल की जीत राज्य के गरीबों एवं आम लोगों की जीत होगी।

भाजपा ने इस सीट पर ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस विधायक कृष्ण हुड्डा के ​अप्रैल में निधन से यह सीट रिक्त हो गयी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)