देश की खबरें | काद्री मंदिर मेले के पास मुस्लिम व्यापारियों को काम नहीं करने देने के बैनर लगे, पुलिस ने हटाए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मेंगलुरु स्थित काद्री श्री मंजूनाथ मंदिर मेले के पास लगे उन बैनर को पुलिस ने हटा दिया है, जिनमें मंदिर के पास मुस्लिम व्यापारियों के काम करने पर रोक लगाने की बात कही गई है।
मेंगलुरु, 20 जनवरी कर्नाटक के मेंगलुरु स्थित काद्री श्री मंजूनाथ मंदिर मेले के पास लगे उन बैनर को पुलिस ने हटा दिया है, जिनमें मंदिर के पास मुस्लिम व्यापारियों के काम करने पर रोक लगाने की बात कही गई है।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा लगाए गए बैनर बृहस्पतिवार को हटा दिए गए।
मेला 15 जनवरी को शुरू हुआ था और 21 जनवरी को समाप्त होगा। दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा लगाए गए बैनर बृहस्पतिवार को देखे गए, जिनमें कुकर के जरिये किए गए विस्फोट का उल्लेख किया गया और आरोप लगाया गया कि मामले के आरोपियों का निशाना काद्री मंजूनाथ मंदिर था।
बैनर पर यह भी लिखा था कि ऐसी मानसिकता वाले और मूर्ति पूजा का विरोध करने वाले लोग पूजा स्थल के पास मेले के दौरान व्यवसाय नहीं कर सकते और केवल हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों एवं अनुष्ठानों में विश्वास रखने वाले व्यापारियों को ही व्यवसाय जारी रखने की अनुमति दी जाएगी।
धार्मिक बंदोबस्ती विभाग के अंतर्गत आने वाले मंदिर प्रशासन ने मंदिर मेले के आसपास लगाए गए बैनर पर लिखी बातों को खारिज किया है।
पुलिस ने कहा कि शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए बैनर हटा दिए गए और इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)