एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | बैंक, आईटी शेयरों में मुनाफावसूली से सेंसेक्स 625 अंक टूटा, निफ्टी में 175 अंक की गिरावट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. शेयर बाजार में पिछले दो दिन से जारी तेजी पर मंगलवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 624.82 अंक टूट गया। वहीं एनएसई निफ्टी 175 अंक के नुकसान में रहा। बैंक, आईटी तथा वाहन शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नीचे आया।

जरुरी जानकारी | बैंक, आईटी शेयरों में मुनाफावसूली से सेंसेक्स 625 अंक टूटा, निफ्टी में 175 अंक की गिरावट

मुंबई, 27 मई शेयर बाजार में पिछले दो दिन से जारी तेजी पर मंगलवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 624.82 अंक टूट गया। वहीं एनएसई निफ्टी 175 अंक के नुकसान में रहा। बैंक, आईटी तथा वाहन शेयरों में मुनाफावसूली से बाजार नीचे आया।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 624.82 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,551.63 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, सेंसेक्स एक समय 1,054.75 अंक तक लुढ़क गया था।

पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 174.95 अंक यानी 0.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,826.20 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक में कारोबार के पहले चरण में तेज घट-बढ़ हुई। लेकिन बाद में प्रमुख कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से यह नुकसान में रहा।

इससे पहले, पिछले दो कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 1.5 प्रतिशत चढ़े थे।

विश्लेषकों ने कहा कि बुधवार को अप्रैल महीने के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े और शुक्रवार को मार्च तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ें जारी होने हैं। इन महत्वपूर्ण आंकड़ों से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया।

सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट में सबसे अधिक 2.21 प्रतिशत और आईटीसी में 2.01 प्रतिशत की गिरावट आई। इसके अलावा टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, एचसीएल टेक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और इटर्नल (पूर्व में जोमैटो) के शेयर भी नुकसान में रहे।

दूसरी तरफ इंडसइंड बैंक, सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, नेस्ले और एशियन पेंट्स के शेयर लाभ में रहे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू बाजार में उतार-चढ़ाव रहा और दो दिन की तेजी थम गयी। इसका कारण यह है कि निवेशकों ने मूल्यांकन संबंधी चिंताओं और एशियाई बाजारों में कमजोर रुख के कारण मुनाफावसूली का विकल्प चुना।’’

नायर ने कहा कि चौथी तिमाही के उम्मीद से बेहतर वित्तीय परिणाम और मूल्यांकन में नरमी के कारण मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में अपेक्षाकृत मजबूती रही।

छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.19 प्रतिशत के लाभ में रहा, जबकि मझोली कंपनियों से संबंधित मिडकैप में 0.18 प्रतिशत की तेजी रही।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘हम इस समय मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच तेजड़ियों और मंदड़ियों में खींचतान देख रहे हैं। हालांकि, अच्छे मानसून और मजबूत वृहद आर्थिक आंकड़ों जैसे अनुकूल घरेलू कारक सकारात्मक माहौल बनाए रखने में मदद कर रहे हैं।’’

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरावट के साथ बंद हुए जबकि जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार ‘मेमोरियल डे’ के अवसर पर सोमवार को बंद थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 135.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत बढ़कर 65.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 455.37 अंक चढ़ा था जबकि एनएसई निफ्टी 148 अंक के लाभ में रहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 27, 2025 04:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).