देश की खबरें | बंगाल सीमा पर बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में बांग्लादेशी तस्कर ढेर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास तस्करों के एक समूह द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर हमला किए जाने के बाद हुई मुठभेड़ में एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया, जबकि एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
कृष्णनगर, दो जुलाई पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास तस्करों के एक समूह द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर हमला किए जाने के बाद हुई मुठभेड़ में एक बांग्लादेशी तस्कर मारा गया, जबकि एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह घटना दक्षिण बंगाल फ्रंटियर की 32वीं बटालियन के तहत हलदरपारा सीमा चौकी के पास हुई।
सोना तस्करी के प्रयास के बारे में खुफिया जानकारी के आधार पर, क्षेत्र में बीएसएफ कर्मियों की एक टीम तैनात की गई थी।
बीएसएफ के एक बयान के अनुसार, चार से पांच सशस्त्र बांग्लादेशी तस्करों का समूह नदी पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था।
तस्करों ने बीएसएफ की चेतावनियों को नजरअंदाज किया और आगे बढ़ते रहे। उन्हें रोकने के लिए शुरू में पीएजी (पंप एक्शन गन) से हवा में एक राउंड गोली चलाई गई, लेकिन तस्करों ने एक जवान को घेर लिया और उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आत्मरक्षा और अपने साथी की रक्षा के लिए, एक अन्य जवान ने अपनी राइफल से गोली चलाई, जो एक तस्कर के पेट में लगी।’’
घायल तस्कर मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसके बाकी साथी इस अफरा-तफरी के बीच बांग्लादेश की ओर भाग निकले।
घायल तस्कर को कृष्णगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल बीएसएफ जवान को भी प्राथमिक उपचार देने के बाद उसी अस्पताल में रेफर किया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में चलाए गए व्यापक तलाशी अभियान के दौरान मौके से चार धारदार हथियार बरामद किए गए।
मृत तस्कर का शव और जब्त सामग्री कृष्णगंज पुलिस को सौंप दी गई है और स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बीएसएफ ने सीमा पर घुसपैठ और तस्करी की बढ़ती घटनाओं और तस्करों के बढ़ते दुस्साहस को लेकर चिंता जताई है।
बयान में कहा गया, ‘‘बार-बार बीजीबी (बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश) के साथ इन मुद्दों को उठाए जाने के बावजूद निर्णायक कार्रवाई की कमी के कारण सीमा पार तस्कर बेखौफ होते जा रहे हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 09:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

