देश की खबरें | फर्जी दस्तावेज पर पिछले 26 वर्षों से भारत में रह रहा बांग्लादेशी पकड़ा गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एक बांग्लादेशी व्यक्ति पकड़ा गया जो पिछले 26 वर्षों से फर्जी दस्तावेज पर भारत में रह रहा था। पुलिस ने मंगलवार को उसके पकड़े जाने की जानकारी दी।
मुंबई, 26 नवंबर मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एक बांग्लादेशी व्यक्ति पकड़ा गया जो पिछले 26 वर्षों से फर्जी दस्तावेज पर भारत में रह रहा था। पुलिस ने मंगलवार को उसके पकड़े जाने की जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि आव्रजन अधिकारियों ने स्वप्न कुमार हरिपद मंडल के पासपोर्ट विवरण में विसंगतियां देखने के बाद शनिवार को उसे रियाद जाने वाली उड़ान में चढ़ने से रोक दिया।
मंडल से पूछताछ में पता चला कि वह एक फर्जी भारतीय पासपोर्ट का इस्तेमाल कर रहा था।
आव्रजन जांच के दौरान अधिकारियों को मंडल के पास से कई जाली दस्तावेज मिले। जांच में पता चला कि वह पहले भी फर्जी पासपोर्ट पर दो बार चीन और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा कर चुका है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आव्रजन कर्मचारियों ने देखा कि मंडल का पासपोर्ट जेद्दा में जारी किया गया था। हालांकि, उसके बोलने के तरीके से संदेह पैदा हुआ, जिसके बाद अधिकारियों ने उससे और पूछताछ की।’’
आरोपी ने अधिकारियों को बताया कि वह एक बांग्लादेशी नागरिक है जो फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल करके पिछले 26 सालों से अवैध रूप से भारत में रह रहा है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘आगे की जांच में पता चला कि मंडल के पासपोर्ट में फर्जी विवरण हैं। इसमें दिखाया गया है कि भारतीय दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया, जबकि सूचीबद्ध पता बांग्लादेश का है।’’
उसके पास से उसकी पत्नी का एक फर्जी पासपोर्ट भी बरामद किया गया। आव्रजन अधिकारियों ने मंडल को मुंबई पुलिस को सौंप दिया। एक अधिकारी ने कहा कि आगे की जांच की जा रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 26, 2024 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

