देश की खबरें | बेंगलुरू को विश्व स्तरीय सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा: बोम्मई

बेंगलुरू, एक जुलाई कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने बेंगलुरु को अंतरराष्ट्रीय मानकों की सुविधाओं वाले शहर के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है।

वह बेंगलुरु के संस्थापक नादप्रभु केम्पेगौड़ा की 513वीं जयंती मनाने और स्कूली बच्चों के लिए छात्रवृत्ति वितरित करने के लिए पीएसआर बिल्डर्स, ग्रासरूट और एबीएसएस द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

बोम्मई ने कहा, ‘‘हमने अंतरराष्ट्रीय मानकों की सुविधाओं के साथ बेंगलुरु को एक शहर के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है और हम इसे वास्तविकता बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

बोम्मई ने कहा, ‘‘हमारी सरकार बेंगलुरु के व्यापक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। 6,000 करोड़ रुपये की नगरोतना परियोजनाओं पर काम शुरू हो गया है। नालों के विकास के लिए लगभग 1,600 करोड़ रुपये प्रदान किए गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में बेंगलुरु उपनगरीय रेल परियोजना की आधारशिला रखी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘पेरिफेरल रिंग रोड’ के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं, जिसके लिए इसी साल काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने सभा को यह भी बताया कि मेट्रो सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, शहर में कई सौंदर्यीकरण कार्य किए गए हैं और शहर के बुनियादी ढांचे में सुधार पर अधिक जोर दिया जा रहा है।

बोम्मई ने शहर की मौजूदा समस्याओं के लिए पिछली सरकारों की विफलता को जिम्मेदार ठहराया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)