देश की खबरें | बलूनी के बयान से अग्रवाल को उत्तराखंड मंत्रिमंडल से बाहर किये जाने की अटकलों को मिला बल

देहरादून, आठ मार्च उत्तराखंड मंत्रिमंडल से प्रेमचंद अग्रवाल को हटाए जाने की अटकलों ने उस समय और जोर पकड़ लिया जब भाजपा के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने विधानसभा में राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों के खिलाफ मंत्री के हालिया बयान को ‘‘दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण’’ बताया।

बलूनी पौड़ी गढ़वाल से भाजपा सांसद भी हैं।

बलूनी ने शुक्रवार को कोटद्वार में एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘ पूरा मामला बहुत ही दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। मैं पार्टी का मुख्य प्रवक्ता हूं और मुझे मर्यादा बनाये रखनी है। लेकिन मैंने उचित मंचों पर इस मामले को मजबूती से उठाकर अपना कर्तव्य निभाया है।’’

पिछले महीने के अंत में सदन के बजट सत्र के दौरान अग्रवाल की टिप्पणी से लोगों, विशेषकर राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों के लोग, आक्रोशित हो उठे थे। इस टिप्पणी के कारण विरोध प्रदर्शन भी हुए और उनके पुतले भी जलाए गए।

बजट सत्र के दौरान अग्रवाल ने कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट द्वारा उन पर की गई टिप्पणी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने उत्तराखंड के राज्य के दर्जे की लड़ाई यह देखने के लिए नहीं लड़ी थी कि एक दिन 'पहाड़ी' और 'देसी' के बीच विभाजन पैदा हो जाएगा।

अग्रवाल ने विपक्षी विधायकों के साथ बहस के दौरान आपत्तिजनक शब्द भी कहे थे।

वैसे मंत्री पहले ही अपनी टिप्पणी को लेकर माफी मांग चुके हैं और प्रदश भाजपा नेतृत्व उन्हें तलब कर संयम बरतने का निर्देश दे चुका है।

उत्तराखंड सरकार में अग्रवाल के पास वित्त एवं संसदीय कार्य जैसे अहम विभाग हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)