देश की खबरें | बजरंग ने प्रदर्शन स्थल के समीप चार सितारा होटल में सुविधायें लेने पर किया बचाव

नयी दिल्ली, तीन मई बजरंग पूनिया ने बुधवार को जंतर मंतर के निकट एक महंगे होटल में सुविधाओं के इस्तेमाल पर अपना बचाव करते हुए कहा कि प्रदर्शन में शामिल महिलाओं को मूलभूत जरूरतें पूरी करने के लिये निजता की जरूरत है ।

बजरंग और उनकी पत्नी संगीता फोगाट की होटल के रेस्त्रां में खाना खाते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं ।

बजरंग ने कहा ,‘‘ यह भी फैलाया जा रहा है कि कोई जंतर मंतर पर नहीं रह रहा लेकिन यहां मीडिया के काफी लोग रात में भी होते हैं । हमारे साथ महिलायें हैं और उन्हें कपड़े बदलने , नहाने के लिये निजता की जरूरत है । वे सड़क पर तो नहीं कर सकते ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ उन्हें वॉशरूम भी चाहिये । जंतर मंतर पर जो वॉशरूम है, उसमें पानी नहीं आता । यही वजह है कि हमने कमरे लिये हैं । धरने पर बैठने का यह मतलब नहीं है कि हम सड़क पर नहायेंगे ।’’

साक्षी ने कहा कि दिल्ली पुलिस गलत सूचना दे रही है कि पहलवान प्रदर्शन स्थल से चले गए हैं ।

उन्होंने कहा ,‘‘ कुछ लोग कह रहे हैं कि हम रात में यहां नहीं रूकते । लेकिन कोई भी आकर देख सकता है । मीडिया हमेशा यहां है ।’’

विनेश ने कहा ,‘‘ सुबह एक एनजीओ के कुछ बच्चे हमसे मिलने आये थे लेकिन पुलिस ने कहा कि हम यहां नहीं रहते और दोपहर में आकर रात में चले जाते हैं । फिर किसी ने उन्हें बताया कि पुलिस झूठ बोल रही है ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)