खेल की खबरें | बीएआई ने थॉमस कप जीतने के लिये खिलाड़ियों को एक करोड़ रूपये का पुरस्कार देने की घोषणा की

गुवाहाटी, 15 मई भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) अध्यक्ष हिमंता बिस्व सरमा ने रविवार को थॉमस कप का खिताब जीत कर इतिहास रचने वाली भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम के खिलाड़ियों के लिये एक करोड़ रूपये के पुरस्कार की घोषणा की।

उन्होंने साथ ही टीम के सहयोगी स्टाफ के लिये भी 20 लाख रूपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की।

उन्होंने लगातार ट्वीट कर देश को गौरवान्वित करने वाली टीम को बधाई दी।

असम के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘नयी ऊंचाईयों की ओर बढ़े। इस प्रतिष्ठित बैडमिंटन टूर्नामेंट के 73 वर्ष के इतिहास में पहली बार थॉमस कप जीतकर इतिहास रचने वाली टीम को बधाई। ’’

उन्होंने फाइनल में इंडोनेशिया पर 3-0 की जीत दर्ज करने के बाद टीम के सदस्यों से बात भी की।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘विजेता भारतीय बैडमिंटन टीम से बात करके खुश हो रही है। ’’

सरमा ने साथ ही कहा कि वह स्टेडियम में ‘भारत माता की जय’ भी सुन सकते थे।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रत्येक भारतीय के लिये गौरव का क्षण। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस उपलब्धि का जश्न मनाने के लिये बीएआई खिलाड़ियों के लिये एक करोड़ रूपये और सहयोगी स्टाफ के लिये 20 लाख रूपये के पुरस्कार की घोषणा करता है। ’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी।

उन्होंने ट्वीट किया, "थॉमस कप में शानदार जीत और पहली बार चैम्पियन बनने पर भारतीय पुरुष बैडमिंटन टीम को बधाई! जय हिंद ।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)