रांची, 15 जुलाई झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के नए अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया।
उन्होंने कार्यभार संभालने से पहले राज्य भाजपा मुख्यालय में धार्मिक अनुष्ठान किया, जहां निवर्तमान अध्यक्ष दीपक प्रकाश, पार्टी की झारखंड इकाई के प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
मरांडी ने यहां विधिवत पूजा-पाठ एवं हवन के बाद प्रकाश से अध्यक्षीय कार्यालय में पदभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के बाद मरांडी ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने जिस उम्मीद और विश्वास से उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है, वह सभी के सहयोग से उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव से पहले प्रमुख संगठनात्मक बदलाव करते हुए चार जुलाई को बाबूलाल मरांडी, जी किशन रेड्डी, और सुनील जाखड़ को क्रमशः झारखंड, तेलंगाना और पंजाब में अपना प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया।
मरांडी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के सहयोग से हम पार्टी को नई ऊंचाई पर ले जाने का प्रयास करेंगे ताकि हम 2024 में झारखंड की सभी 14 लोकसभा सीट जीत सकें और आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज कर सकें।’’
उन्होंने कहा कि पार्टी राज्य में मजबूत होगी और 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में सरकार बनाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY