Baba Siddiqui Murder Case: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले में महाराष्ट्र के अकोला से गुजरात का संदिग्ध गिरफ्तार
मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गुजरात के एक व्यक्ति को रविवार को महाराष्ट्र के अकोला से गिरफ्तार किया.
मुंबई, 17 नवंबर : मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में गुजरात के एक व्यक्ति को रविवार को महाराष्ट्र के अकोला से गिरफ्तार किया. इसी के साथ इस सनसनीखेज हत्याकांड के सिलसिले में अब तक गिरफ्तार किए गए संदिग्धों की संख्या बढ़कर 25 हो गई. अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि गुजरात के आणंद जिले के पेटलाड निवासी सलमानभाई इकबालभाई वोहरा को राज्य पुलिस की मदद से मुंबई से लगभग 565 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अकोला के बालापुर से गिरफ्तार किया गया.
बाबा सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर को उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के बांद्रा पूर्व के निर्मल नगर इलाके स्थित कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अधिकारी ने कहा, “वोहरा ने इस साल मई में एक बैंक खाता खोला था और मामले में गिरफ्तार आरोपी गुरमेल सिंह के भाई नरेश कुमार सिंह, रूपेश मोहोल और हरीशकुमार को वित्तीय सहायता प्रदान की थी. उसने अपराध में शामिल अन्य संदिग्धों की भी मदद की थी.” यह भी पढ़ें : Akhilesh Yadav on BJP: अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला, कहा- ‘जो चुनाव टालेंगे वो हारेंगे’
हरियाणा के रहने वाले गुरमेल सिंह और उत्तर प्रदेश निवासी धर्मराज कश्यप को हत्या के तुरंत बाद घटनास्थल से ही दबोच लिया गया था. पुलिस को मामले में हाल ही में एक बड़ी कामयाबी मिली, जब उसने कथित मुख्य शूटर शिवकुमार गौतम को उत्तर प्रदेश के बहराइच से गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर से फरार गौतम को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह भारत से नेपाल भागने की फिराक में था.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 17, 2024 04:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

