देश की खबरें | अवनि लेखरा को पैरालंपिक पुरस्कारों में ‘सर्वश्रेष्ठ महिला पदार्पण’ सम्मान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय निशानेबाज अवनि लेखरा को गुरुवार को तोक्यो खेलों में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीतने के लिए 2021 पैरालंपिक पुरस्कारों में ‘सर्वश्रेष्ठ महिला पदार्पण’ सम्मान दिया गया।

नयी दिल्ली, 16 दिसंबर भारतीय निशानेबाज अवनि लेखरा को गुरुवार को तोक्यो खेलों में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीतने के लिए 2021 पैरालंपिक पुरस्कारों में ‘सर्वश्रेष्ठ महिला पदार्पण’ सम्मान दिया गया।

वर्ष 2012 में कार दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में चोट का सामना करने वाली जयपुर की 20 साल की अवनि ने तोक्यो पैरालंपिक की महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिग एसएच1 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।

उन्होंने पैरालंपिक रिकॉर्ड तोड़ने के अलावा विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

अवनि ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीता ओर खेलों के इतिहास में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।

उन्हें इस उपलब्धि के लिए देश के सर्वोच्च खेल सम्मान मेजर ध्यान चंद खेल रत्न से भी सम्मानित किया गया।

अवनि ने पैरालंपिक खेलों के ट्विटर हैंडल पर वीडियो में कहा, ‘‘यह पुरस्कार मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है। मेरा ध्यान हमेशा से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने और देश के लिए पदक जीतने तथा यह दर्शाने पर था कि कड़ी मेहनत, प्रतिबद्धता और जुनून के साथ कुछ भी संभव है।’’

अपने पहले पैरालंपिक खेलों के अनुभव को याद करते हुए अवनि ने कहा, ‘‘उस समय मेरे लिए यह सपना साकार होने की तरह था। जब मैं भारत वापस आई तो मैं काफी लोगों से मिली। मैं अपने स्कूल गई और वहां बच्चे मेरे पाए आए और उन्होंने कहा कि वे मेरे से प्रेरित हैं और खेल से जुड़ना चाहते हैं।’’

भारत ने पैरालंपिक खेलों में पांच स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य के साथ अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए कुल 19 पदक जीते थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now