देश की खबरें | कश्मीर के चार जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

श्रीनगर, 16 नवंबर कश्मीर में प्रशासन ने घाटी के चार जिलों के लिए सोमवार को हिमस्खलन की चेतावनी जारी की। केंद्र शासित क्षेत्र के ऊंचाई वाले हिस्से में मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गयी, जबकि मैदानी भागों में बारिश हुई।

अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा, बांदीपुरा और बारामूला जिलों तथा मध्य कश्मीर के गांदरबल में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है। कुपवाड़ा और बांदीपुरा के ऊंचाई वाले भागों में मध्यम स्तर के खतरनाक हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है वहीं, गांदरबल और बारामूला जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कम खतरे वाले हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गयी है।

यह भी पढ़े | SBI PO Recruitment 2020: एसबीआई ने पीओ भर्ती के लिए जारी किये 2 हजार भर्तियां, यहां डाउनलोड करें ऐप्लीकेशन फॉर्म और जरुरी जानकारी.

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को शुरू हुई बर्फबारी के सोमवार तक जारी रहने के मद्देनजर प्रशासन ने यह चेतावनी जारी की है। अधिकारियों के मुताबिक बरामूला में पर्यटन स्थल गुलमर्ग और गांदरबल में सोनमर्ग में मौसम की पहली भारी बर्फबारी हुई है ।

पिछले 24 घंटे में गुलमर्ग में 19 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई जबकि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में हल्की बर्फबारी हुई। उत्तरी कश्मीर के बांदीपुरा जिले के गुरेज, श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर जोजिला दर्रा और लद्दाख के द्रास में भी बर्फबारी हुई।

यह भी पढ़े | Tamil Nadu NEET Merit list 2020 Released: तमिलनाडु एमबीबीएस / बीडीएस एडमिशन मेरिट लिस्ट हुई घोषित, आधिकारिक वेबसाइट tnhealth.tn.gov.in पर ऐसे करें चेक.

बर्फबारी के कारण प्रशासन ने जम्मू कश्मीर को लद्दाख से जोड़ने वाली श्रीनगर-लेह सड़क को शनिवार को यातायात के लिए बंद कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर घाटी के मैदानी भाग में बारिश होने से तापमान गिर गया है।

मौसम विभाग ने कहा कि सोमवार को केंद्र शासित क्षेत्र में मौसम ठीक हुआ है, लेकिन अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी का अनुमान है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)