एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सेमीकंडक्टर की कमी से अगस्त में ऑटोमोबाइल थोक बिक्री में 11 प्रतिशत की गिरावट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम ने शुक्रवार को बताया कि ऑटोमोबाईल उद्योग में सेमीकंडक्टर की कमी से उत्पादन गतिविधियां प्रभावित हुई है। इसकी वजह से पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अगस्त में ऑटोमोबाइल थोक बिक्री में 11 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

जरुरी जानकारी | सेमीकंडक्टर की कमी से अगस्त में ऑटोमोबाइल थोक बिक्री में 11 प्रतिशत की गिरावट

नयी दिल्ली, 10 सितंबर वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम ने शुक्रवार को बताया कि ऑटोमोबाईल उद्योग में सेमीकंडक्टर की कमी से उत्पादन गतिविधियां प्रभावित हुई है। इसकी वजह से पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अगस्त में ऑटोमोबाइल थोक बिक्री में 11 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

सियाम के अनुसार वाणिज्यिक वाहनों को छोड़कर सभी श्रेणियों में अगस्त 2021 के दौरान कुल थोक बिक्री घटकर 15,86,873 इकाई रह गई, जो अगस्त 2020 में 17,90,115 इकाई थी।

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक मूल उपकरण विनिर्माताओं (ओईएम) से डीलरों को भेजे गए दोपहिया वाहनों में पिछले महीने के दौरान गिरावट देखी गई। जबकि यात्री वाहन और तिपहिया वाहनों की आपूर्ति में अगस्त 2021 के दौरान पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में वृद्धि देखी गई।

ओईएम से डीलरों तक दोपहिया वाहनों की आपूर्ति अगस्त 2021 में 15 प्रतिशत घटकर 13,31,436 इकाई रह गई, जो एक साल पहले इसी महीने में 15,59,665 इकाई थी।

वहीं मोटरसाइकिल बिक्री अगस्त 2020 में 10,32,476 इकाई थी। यह अगस्त 2021 में 20 प्रतिशत घटकर 8,25,849 इकाई रह गई। इसी तरह स्कूटर की आपूर्ति पिछले महीने के दौरान एक प्रतिशत घटकर 4,51,967 इकाई रह गई। इससे पिछले वर्ष इसी महीने में यह 4,56,848 इकाई थी।

इस दौरान हालांकि कारों, विशिष्ट वाहनों और वैन समेत कुल यात्री वाहनों की ओईएम से डीलरशिप को आपूर्ति सात प्रतिशत बढ़कर 2,32,224 इकाई रही जो कि पिछले वर्ष अगस्त महीने में 2,15,916 इकाई रही थी।

अगस्त की बिक्री पर टिप्पणी करते हुए सियाम के महानिदेशक राजेश मेनन ने कहा कि भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग आपूर्ति श्रृंखला में चुनौतियों के कारण दबाव में है।

उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर सेमीकंडक्टर की कमी जारी है और अब इसका ऑटो उद्योग में उत्पादन पर तीव्र प्रभाव पड़ रहा है।’’

मेनन ने कहा कि 'चिप' की कमी के साथ-साथ कच्चे माल की ऊंची कीमतें भी एक चुनौती बनी रहीं, क्योंकि यह ऑटो उद्योग के लागत ढांचे को प्रभावित कर रही है।

उल्लेखनीय है कि ऑटो उद्योग में तकनीकी प्रगति और अधिक से अधिक इलेक्ट्रॉनिक सुविधाओं के साथ आने वाले नए मॉडल से सेमीकंडक्टर का उपयोग हाल के दिनों में वैश्विक स्तर पर बढ़ा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 10, 2021 06:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).