खेल की खबरें | बुमराह की धारदार गेंदबाजी से चाय तक ऑस्ट्रेलिया के छह विकेट पर 135 रन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी से भारत ने रविवार को यहां चौथे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन चाय तक दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 135 रन करके जीत की उम्मीद जगाई।
मेलबर्न, 29 दिसंबर जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी से भारत ने रविवार को यहां चौथे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन चाय तक दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर छह विकेट पर 135 रन करके जीत की उम्मीद जगाई।
ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 240 रन की हो गई है। भारत के पहली पारी में 105 रन से पिछड़ने के बावजूद बुमराह (30 रन पर चार विकेट) और मोहम्मद सिराज (40 रन पर दो विकेट) ने मेहमान टीम को मुकाबले में बनाए रखा है।
बुमराह ने इस दौरान दूसरी पारी में 200 टेस्ट विकेट भी पूरे किए। उन्होंने सटीक लेंथ, परेशान करने वाले उछाल और अंतिम समय में मिल रही मूवमेंट से विरोधी बल्लेबाजों को काफी परेशान किया।
चाय के समय मार्नस लाबुशेन 65 रन बनाकर खेल रहे थे। कप्तान पैट कमिंस 21 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे है। दोनों सातवें विकेट के लिए 44 रन जोड़ चुके हैं।
लाबुशेन हालांकि भाग्यशाली भी रहे जब आकाश दीप की गेंद पर तीसरी स्लिप में यशस्वी जायसवाल ने उनका कैच टपका दिया।
भारत ने सुबह के लंबे सत्र में नितीश कुमार रेड्डी (114) के शानदार शतक की बदौलत पहली पारी में 369 रन बनाए लेकिन ऑस्ट्रेलिया को 105 रन की बढ़त हासिल करने में नहीं रोक पाया।
रेड्डी आउट होने वाले अंतिम भारतीय बल्लेबाज रहे। उन्होंने ऑफ स्पिनर नाथन लियोन (96 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर डीप में मिचेल स्टार्क को कैच थमाया जिससे भारतीय पारी 119.3 ओवर में समाप्त हो गई। भारतीय टीम ने नौ विकेट पर 358 रन के अपने कल के स्कोर से आगे खेलते हुए 11 रन और जोड़े।
स्कॉट बोलैंड (57 रन पर तीन विकेट) और कमिंस (89 रन पर तीन विकेट) ने भी तीन-तीन विकेट चटकाए।
इसके बाद गेंदबाजों ने भारत को वापसी दिलाने की कोशिश की। पर्थ टेस्ट के बाद बुमराह को पहली बार दूसरे छोर से अच्छा साथ मिला जिससे ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे सत्र में 10 गेंद के भीतर तीन विकेट चटकाए।
स्टीव स्मिथ (13) ने सिराज की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच थमाया जबकि शानदार फॉर्म में चल रहे ट्रेविस हेड (01) स्क्वायर लेग पर रेड्डी को कैच दे बैठे।
बुमराह ने 2018-19 श्रृंखला में शॉन मार्श का करियर खत्म किया और इस बार उनके छोटे भाई मिचेल मार्श (00) के पास इस स्टार तेज गेंदबाज का कोई जवाब नहीं था। बुमराह की शॉट गेंद पर उन्होंने पंत को कैच थमाया।
बुमराह ने इसके बाद एलेक्स कैरी (02) को बोल्ड करके ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 91 रन पर छह विकेट किया।
लाबुशेन और कमिंस ने हालांकि इसके बाद चाय तक ऑस्ट्रेलिया को और झटके नहीं लगने दिए।
पहले सत्र में बुमराह ने सैम कोन्सटास (08) को बोल्ड किया जबकि सिराज ने उस्मान ख्वाजा (21) को पवेलियन भेजा जिससे ऑस्ट्रेलिया ने लंच तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 53 रन बनाए।
भारतीय गेंदबाज दूसरी पारी में नए जोश के साथ उतरे और आकाश दीप को नई गेंद देने का फैसला विवेकपूर्ण था। आकाश दीप ने दबाव बनाए रखा जबकि बुमराह ने दोनों बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया।
पहली पारी में शानदार प्रदर्शन करने वाले कोन्सटास (08) ने बेहतरीन पुल खेला लेकिन फिर बुमराह की अंदर आती गेंद पर बोल्ड हो गए।
विकेट लेने के बाद बुमराह को दर्शकों को टीम का साथ देने के लिए जोश दिलाते हुए देखा गया। बड़ी संख्या में मैदान पर पहुंचे भारतीय दर्शकों ने विराट कोहली के नाम के नारे लगाकर कोन्सटास की हूटिंग की।
पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले लाबुशेन और ख्वाजा क्रीज पर सहज नजर नहीं आ रहे थे और पहले बदलाव के रूप में आए सिराज ने ख्वाजा को बोल्ड करके भारत को दूसरी सफलता दिलाई।
अब तक दौरे पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे सिराज ने छह से आठ मीटर की लेंथ पर पिच हुई 139 से 142 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली लगातार चार गेंद से ख्वाजा को पीछे की ओर धकेला और फिर सीधी गेंद पर उन्हें बोल्ड किया। ख्वाजा का विकेट हासिल करने के बाद सिराज के चेहरे पर खुशी स्पष्ट थी जिन्हें एडीलेड में ट्रेविस हेड को विदाई देते हुए उकसाने के बाद हूटिंग का सामना करना पड़ा था। दर्शकों ने इस दौरान ‘डीएसपी, डीएसपी’ के नारे लगाकर उनकी हौसलाअफजाई की।
सिराज ने चाहे अपने रन-अप का निशान लगाया हो, गेंद के पीछे भागते हुए बाउंड्री तक पहुंचे हों या रेड्डी को शतक पूरा करने में मदद करने के लिए उतरें हों, तेलंगाना पुलिस के नवनियुक्त डीएसपी को हर समय ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों के प्रतिकूल व्यवहार का सामना करना पड़ा। उन्होंने हालांकि शानदार प्रदर्शन करके ऑस्ट्रेलियाई प्रशंसकों को चुप कराया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 29, 2024 10:42 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

