देश की खबरें | ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री भारत दौरे पर आएंगे, दुर्लभ खनिज क्षेत्र में संबंध मजबूत करने की तैयारी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की बुधवार से शुरू हो रही यात्रा के दौरान भारत के आस्ट्रेलिया में दुर्लभ खनिज क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश की घोषणा करने की संभावना है।
नयी दिल्ली, छह मार्च आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज की बुधवार से शुरू हो रही यात्रा के दौरान भारत के आस्ट्रेलिया में दुर्लभ खनिज क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश की घोषणा करने की संभावना है।
अल्बनीज भारत की अपनी यात्रा के दौरान बुधवार को होली के दिन अहमदाबाद पहुंचेंगे और उनके रंगों के इस त्योहार में भाग लेने की संभावना है।
व्यापारिक समुदाय के साथ एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए मुंबई जाने से पहले वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ भारत और आस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैच का भी लुत्फ उठाएंगे। अल्बनीज उसके बाद दिल्ली आएंगे।
भारत में आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त बैरी ओ’फरेल ने संवाददाताओं को यहां बताया कि खनिज बिदेश इंडिया लिमिटेड (केएबीआईएल) ऑस्ट्रेलिया में दुर्लभ खनिज क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश करने के लिए तैयार है और इस कदम का ऑस्ट्रेलियाई सरकार और भारत सरकार, विशेष रूप से व्यापारिक समुदाय, ने स्वागत किया है।
अल्बनीज के साथ व्यापार और पर्यटन मंत्री डॉन फैरेल और संसाधन मंत्री मेडेलीन किंग तथा बैंकिंग से लेकर खनन क्षेत्रों के 27 कारोबारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी आएगा।
मोदी के साथ ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री की वार्ता में विशेष रूप से भारत-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करने की उम्मीद है।
ओ'फरेल ने कहा कि मोदी चाहते हैं कि भारत उन्नत प्रौद्योगिकी निर्माण के लिए एक वैश्विक केंद्र बने और यह एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें ऑस्ट्रेलिया सहायता कर सकता है।
केएबीआईएल तीन सरकारी कंपनियों- नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड और मिनरल एक्सप्लोरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड, का एक संयुक्त उद्यम है और अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया में लिथियम खानों में निवेश के अवसर तलाश रहा है।
उन्होंने कहा, "इसमें कोई संदेह नहीं है कि भारत हमें वैसे ही एक विश्वसनीय, विश्वसनीय भागीदार के रूप में देखता है, जैसे हम भारत को देखते हैं।"
भारत-ऑस्ट्रेलिया आर्थिक सहयोग और व्यापार समझौता (ईसीटीए) 29 दिसंबर, 2022 को लागू हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)