औरैया हादसा: सो रहे प्रवासी मजदूरों पर झपटी मौत
जमात

औरैया (उप्र), 16 मई प्रवासी मजदूरों को लेकर आ रहा ट्रक जब औरैया जिला मुख्यालय से 10 किलोमीटर दूर मिहौली गांव में रुका तो उन्हें इस बात का दूर-दूर तक भी अहसास नहीं था कि यह जगह उनके कुछ साथियों के लिये अंतिम पड़ाव साबित होगी। ट्रक में सो रहे मजदूरों पर मौत झपटी और 25 लोगों को दबोच ले गई।

पुलिस ने बताया कि कुछ मजदूर दिल्ली से आ रहे थे। रास्ते में चाय पीने रूके, उसी समय तड़के तीन बजे से साढ़े तीन बजे के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग—19 पर औरैया—कानपुर देहात वाले हिस्से पर हादसा हुआ।

कुछ मजदूर गहरी नींद में सोये थे क्योंकि अभी अंधेरा ही था। जब ट्रक और डीसीएम वाहन की टक्कर हुई तो उनकी नींद टूटी लेकिन तब तक कई बेहोश हो चुके थे और कई जख्मी।

डीसीएम ट्रक पर सवार वंदना इस हादसे में बाल-बाल बच गईं। उन्होंने बताया कि वह सो रही थीं और उन्हें नहीं पता कि अचानक क्या हुआ। झटका लगा और वह ट्रक से नीचे गिर पडीं। हादसे में जख्मी वंदना बेहोश हो गयी थीं।

जहां हादसा हुआ, सड़क के दोनों ओर खेत हैं। उस वक्त हर ओर अंधेरा था। दुर्घटना के बाद स्थानीय गांव वाले तुरंत मदद के लिए दौड़े और बचाव कार्य में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जुट गये।

सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. राज कुमार ने बताया कि यहां लाये गये पांच लोगों की हालत बेहद गंभीर है। एक व्यक्ति को को वेंटिलेटर पर रखा गया है। दो के सिर में चोटें आयीं हैं। सैफई में भर्ती लोगों में एक परिवार के पांच सदस्य भी हैं, जिनमें पति पत्नी और उनके तीन बच्चे हैं।

उन्होंने कहा कि सब लोग चूंकि दिल्ली से आ रहे थे इसलिए उन्हें कोविड-19 अस्पताल की पृथक इकाई में रखा गया है और वहां के डाक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं।

औरैया के पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरेन्द्रनाथ यादव ने पीटीआई— को बताया कि जीवित बचे कुछ लोगों से बात हुई है। उन्हें याद नहीं कि दुर्घटना कैसे हुई। अभी स्पष्ट नहीं है कि मृतकों में दोनों ट्रकों के ड्राइवर हैं या नहीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)