बाड़मेर, आठ नवंबर राजस्थान में सीमावर्ती बाड़मेर जिले के पचपदरा इलाके में रिफाइनरी क्षेत्र के बाहर रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों पर प्रशासन से वार्ता के दौरान कुछ बदमाशों ने कथित तौर पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रशासन को ज्ञापन दिये जाने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने उनपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया, इससे नाराज प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर खड़ी दो गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों की ओर से इस संबंध में आठ-दस नामजद और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है जिन्हें चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारी के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण एवं शांतिपूर्ण है।
जानकारी के मुताबिक रिफाइनरी में काम करने वाले कुछ स्थानीय लोगों को काम से निकाल दिया गया जिससे नाराज लोग मंगलवार को रिफाइनरी के गेट संख्या तीन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे थे। लोगों द्वारा प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार और अन्य अधिकारी उनसे बातचीत करने के लिए मौके पर पहुंचे।
तहसीलदार इमरान खान ने बताया कि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे थे लेकिन इस दौरान पीछे से दो गाड़ियों में सवार कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया और हमलावरों ने उन्हें भी कुचलने का प्रयास किया जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस के अनुसार उसके बाद प्रदर्शनकारियों ने हमलावरों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की और कुछ लोगों ने वहां खड़े दो वाहनों में आग भी लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पचपदरा ,बालोतरा और कल्याणपुर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY