देश की खबरें | पुलिस पर 'हमला': अदालत से गिरफ्तारी से राहत मिलने के बाद अमानतुल्लाह खान पुलिस के सामने पेश हुए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जामिया नगर में पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में समन मिलने के एक दिन बाद आम आदमी पार्टी (आप) विधायक अमानतुल्लाह खान पुलिस के सामने पेश हुए। इससे पहले एक अदालत ने उन्हें 24 फरवरी तक गिरफ्तार से राहत प्रदान कर दी थी।
नयी दिल्ली, 13 फरवरी जामिया नगर में पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में समन मिलने के एक दिन बाद आम आदमी पार्टी (आप) विधायक अमानतुल्लाह खान पुलिस के सामने पेश हुए। इससे पहले एक अदालत ने उन्हें 24 फरवरी तक गिरफ्तार से राहत प्रदान कर दी थी।
बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस के सामने पेश होने से पहले खान ने संवाददाताओं से कहा कि वह भाग नहीं रहे हैं और पुलिस जांच में शामिल होंगे।
दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण प्रदान किया। विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने खान को आदेश दिया कि जब भी जांच अधिकारी निर्देश दें, वह जांच में शामिल हों।
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जामिया नगर में पुलिस टीम पर कथित रूप से हमला करने के आरोप में खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की, जिसमें आरोप लगाया गया कि खान के नेतृत्व वाली भीड़ ने हत्या के प्रयास के एक मामले में भगोड़े आरोपी शाहवेज खान की हिरासत से भागने में मदद की।
खान ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि वह बुधवार को सीबीआई अदालत और मंगलवार को नोएडा अदालत गए थे। ‘आप’ नेता ने दावा किया कि पुलिस इस मामले में उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।
ओखला से विधायक ने कहा, "बुधवार को मुझे नोटिस भेजा गया और पूछताछ के लिए बुलाया गया। जब मुझे बृहस्पतिवार शाम पांच बजे पूछताछ के लिए बुलाया गया तो फिर मुझे गिरफ्तार करने का क्या मतलब है? मैं अपने घर पर था और भाग नहीं रहा था। क्या ये लोग एक बार भी मेरे घर यह जानने के लिए आते हैं कि मैं वहां हूं या नहीं? अगर उन्हें मुझे गिरफ्तार करना था तो उन्होंने नोटिस क्यों दिया?”
उन्होंने बुधवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस उन्हें झूठे मामले में फंसा रही है।
दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा को ईमेल के ज़रिए भेजे गए पत्र में ओखला विधायक ने दावा किया कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में हैं और भागे नहीं हैं।
बुधवार को लिखे पत्र में खान ने कहा, "दिल्ली पुलिस के कुछ लोग मुझे झूठे मामले में फंसा रहे हैं। जिस व्यक्ति को दिल्ली पुलिस गिरफ्तार करने आई थी, वह ज़मानत पर है। पुलिस अपनी गलती छिपाने के लिए मुझे झूठे मामले में फंसा रही है।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)