देश की खबरें | भाजपा, हिंदू संगठन के नेताओं पर हमला बड़ी साजिश का हिस्सा : हिंदू मुन्नानी अध्यक्ष

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिंदू मुन्नानी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कादेश्वरा सुब्रमण्यम ने मंगलवार को आरोप लगाया कि तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और हिंदू संगठन के नेताओं को देशभर में वृहद पैमाने पर हिंसा फैलाने की बड़ी साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है।

कोयंबटूर (तमिलनाडु), 27 सितंबर हिंदू मुन्नानी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कादेश्वरा सुब्रमण्यम ने मंगलवार को आरोप लगाया कि तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और हिंदू संगठन के नेताओं को देशभर में वृहद पैमाने पर हिंसा फैलाने की बड़ी साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है।

राज्य में पेट्रोल बम से हमले की घटनाओं का संदर्भ देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह विदेशी सहायता से देश में दंगे कराने की बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।

मेट्टुपलायम में मुन्नानी की युवा इकाई के नेता के घर का दौरा करने के बाद सुब्रमण्यम संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि मुन्नानी के युवा नेता की कार को कुछ उपद्रवियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया था।

उन्होंने विदुथलाई चिरुथाईगल कात्ची (वीसीके) प्रमुख तोल तिरुमवालवन और नाम तमिलार कात्ची के नेता सीमन पर पेट्रोल बम के हमलों के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और हिंदू संगठनों को जिम्मेदार ठहराकर मुद्दे से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

तमिलनाडु पुलिस ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं हिंदू संगठनों से संबद्ध व्यक्तियों की परिसंपत्तियों पर विस्फोटक पदार्थ फेंकने के सिलसिले में कुल 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

यहां जारी एक सरकारी बयान के अनुसार ऐसी घटनाओं के सिलसिले में कुल 19 मामले दर्ज किये गये थे। कोयंबटूर, सलेम, इरोड, डिंडीगुल, तूतीकोरिन, कन्याकुमारी एवं मदुरै में कुछ खास परिसंपत्तियों पर मिट्टी के तेल से भरी बोतलें फेंकी गयी थीं और वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया था।

पिछले सप्ताह पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के विरूद्ध राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के छापे के बाद भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्यों के परिसरों एवं वाहनों को निशाना बनाया गया। भाजपा ने इन घटनाओं के लिए पीएफआई को जिम्मेदार ठहराया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now