देश की खबरें | पटियाला में सेना के कर्नल पर हमला मामला : पत्नी ने की सीबीआई जांच की मांग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सेना के एक कर्नल की पत्नी ने शुक्रवार को पंजाब पुलिस के अधिकारियों पर उनके पति और बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई।
चंडीगढ़, 21 मार्च सेना के एक कर्नल की पत्नी ने शुक्रवार को पंजाब पुलिस के अधिकारियों पर उनके पति और बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई।
चंडीगढ़ में अपने बेटे और एक रिश्तेदार के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जसविंदर कौर बाठ ने पंजाब पुलिस के 12 अधिकारियों पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसके पति और बेटे के साथ पार्किंग विवाद को लेकर मारपीट की।
कर्नल की पत्नी ने मांग की कि निष्पक्ष जांच के लिए मामले को सीबीआई को सौंप दिया जाए।
कर्नल की पत्नी जसविंदर कौर बाठ ने पटियाला के उपायुक्त को एक ज्ञापन भी सौंपा।
बाठ ने अपने पति की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के विभिन्न प्रावधानों के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने, प्राथमिकी में सभी 12 आरोपी पुलिस अधिकारियों के नाम दर्ज करने तथा आरोपी अधिकारियों को पटियाला से तत्काल स्थानांतरित करने की मांग की है।
यह घटना 13 और 14 मार्च की रात को हुई, जब कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ और उनका बेटा पटियाला के सरकारी राजिंदर अस्पताल के पास सड़क किनारे स्थित एक भोजनालय में थे।
कर्नल के परिवार ने दावा किया कि जब वे दोनों अपनी कार के बाहर खड़े होकर खाना खा रहे थे, तो सादे कपड़ों में कुछ पुलिस अधिकारी उनके पास आए और कर्नल से कहा कि वे अपनी गाड़ी हटा लें, ताकि वे अपनी गाड़ी खड़ी कर सकें।
आरोप है कि जब कर्नल ने उनके इस असभ्य लहजे पर आपत्ति जताई तो एक अधिकारी ने उन्हें मुक्का मार दिया और अन्य पुलिसकर्मियों ने उनके और उनके बेटे के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया।
बृहस्पतिवार को कर्नल के परिवार ने पंजाब के राज्यपाल से मुलाकात की थी और मामले की सीबीआई जांच की मांग की थी।
पंजाब पुलिस ने सोमवार को इस घटना के सिलसिले में 12 अधिकारियों को निलंबित कर दिया था और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)