एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | एटीएफ की कीमत में 7.5 प्रतिशत की भारी वृद्धि, वाणिज्यिक एलपीजी की दर में 58.5 रुपये की कटौती

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में मंगलवार को 7.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई जबकि वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 58.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई है। यह कदम अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क दरों में बदलाव को दर्शाता है।

जरुरी जानकारी | एटीएफ की कीमत में 7.5 प्रतिशत की भारी वृद्धि, वाणिज्यिक एलपीजी की दर में 58.5 रुपये की कटौती

नयी दिल्ली, एक जुलाई विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में मंगलवार को 7.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई जबकि वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर की कीमत में 58.50 रुपये प्रति सिलेंडर की कटौती की गई है। यह कदम अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क दरों में बदलाव को दर्शाता है।

सार्वजनिक क्षेत्र के ईंधन खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, कीमतों में तीन दौर की कटौती के बाद राष्ट्रीय राजधानी में विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमत 6,271.5 रुपये प्रति किलोलीटर या 7.5 प्रतिशत बढ़कर 89,344.05 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई। राष्ट्रीय राजधानी स्थित हवाई अड्डा देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है।

यह वृद्धि अप्रैल से अभी तक तीन बार की कुल कटौती का आधा हिस्सा है।

एटीएफ की कीमत में यह वृद्धि पिछले महीने ईरान पर इजराइल के हमले के बाद अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में आई तेजी के अनुरूप है।

इस वृद्धि से वाणिज्यिक विमानन कंपनियों पर बोझ बढ़ेगा, जिनके लिए ईंधन परिचालन लागत का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा है।

मूल्य वृद्धि के प्रभाव पर विमानन कंपनियों से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं मिल सकी।

मुंबई में एटीएफ की कीमत 77,602.73 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़ाकर 83,549.23 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई, जबकि चेन्नई और कोलकाता में इसकी कीमत क्रमशः 92,526.09 रुपये और 92,705.74 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई। वैट (मूल्य वर्धित कर) जैसे स्थानीय करों के आधार पर दरें हर राज्य में अलग-अलग होती हैं।

इसके साथ ही तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 58.5 रुपये की कटौती की है। अब राष्ट्रीय राजधानी में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत प्रति सिलेंडर 1,665 रुपये और मुंबई में 1,616.50 रुपये होगी।

एलपीजी की कीमत में यह लगातार चौथी कटौती है।

घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 853 रुपये प्रति 14.2 किलोग्राम पर अपरिवर्तित रही। अप्रैल में घरेलू रसोई गैस की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी।

सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) हर महीने की पहली तारीख को बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय ईंधन की औसत कीमत और विदेशी विनिमय दर के आधार पर एटीएफ एवं रसोई गैस की कीमतों में संशोधन करती हैं।

पेट्रोल और डीजल की घरेलू दरें स्थिर बनी हुई हैं। पिछले साल मार्च के मध्य में आम चुनाव से पहले कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी।

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर है, जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 01:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).