जरुरी जानकारी | एटीएफ की कीमत में 1.5 प्रतिशत की कटौती, वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 14.5 रुपये प्रति सिलेंडर घटी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में बुधवार को 1.5 प्रतिशत की कटौती की गई। होटलों तथा रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक एलपीजी (रसोई गैस) की कीमत 14.5 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर कम की गई है।
नयी दिल्ली, एक जनवरी विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में बुधवार को 1.5 प्रतिशत की कटौती की गई। होटलों तथा रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले वाणिज्यिक एलपीजी (रसोई गैस) की कीमत 14.5 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर कम की गई है।
बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय कीमतों के अनुरूप कीमतों में मासिक संशोधन किया गया।
सार्वजनिक क्षेत्र के ईंधन खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) यानी विमान ईंधन की कीमत 1,401.37 रुपये प्रति किलोलीटर या 1.52 प्रतिशत घटकर 90,455.47 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी स्थित हवाई अड्डा देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है।
दरों में यह कटौती मासिक वृद्धि के दो दौर के बाद की गई है। एक नवंबर को कीमतों में 2,941.5 रुपये प्रति किलोलीटर (3.3 प्रतिशत) की और एक दिसंबर 2024 को 1,318.12 रुपये प्रति किलोलीटर (1.45 प्रतिशत) की वृद्धि की गई थी।
मुंबई में एटीएफ की कीमत बुधवार को 85,861.02 रुपये प्रति किलोलीटर से घटाकर 84,511.93 रुपये कर दी गई है।
तेल कंपनियों ने राष्ट्रीय राजधानी में वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत भी 14.5 रुपये घटाकर 1,804 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर कर दी है। वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत में लगातार पांच महीने की बढ़ोतरी के बाद कीमतों में यह पहली कटौती है। एक दिसंबर 2024 को अंतिम संशोधन में 19 किलोग्राम सिलेंडर की कीमतों में 16.5 रुपये का इजाफा किया गया था।
वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत अब मुंबई में 1,756 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर, कोलकाता में 1,911 रुपये और चेन्नई में 1,966 रुपये हो गई है।
वैट सहित स्थानीय करों के आधार पर एटीएफ और एलपीजी की कीमतें राज्य दर राज्य अलग-अलग होती हैं।
घरेलू उपयोग में आने वाली रसोई गैस की कीमत 803 रुपये (14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर) पर अपरिवर्तित बनी हुई है।
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) हर महीने की पहली तारीख को बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय ईंधन की औसत कीमत और विदेशी विनिमय दर के आधार पर एटीएफ तथा रसोई गैस की कीमतों में संशोधन करती हैं।
पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। आम चुनाव से पहले मार्च के मध्य में कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी।
दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 01, 2025 01:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

