देश की खबरें | नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति में कम से कम चार महिलायें घायल: अधिकारी

नयी दिल्ली, 15 फरवरी नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ जैसी स्थिति बनने से प्लेटफॉर्म संख्या 14 और 15 पर अफरा-तफरी मच गई, जिसमें कम से कम चार महिलायें कथित तौर पर घायल हो गयीं तथा उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

कई यात्रियों ने यह भी दावा किया कि कम से कम चार महिलाओं को दम घुटने के कारण बेहोश होने के बाद निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस उपायुक्त (रेलवे) ने आधिकारिक बयान में बताया कि जब प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन प्लेटफार्म संख्या 14 पर खड़ी थी तब वहां कई लोग मौजूद थे।

अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस देरी से चल रही थीं और इन ट्रेनों के यात्री भी प्लेटफार्म नंबर 12, 13 और 14 पर मौजूद थे।

उन्होंने बताया, “रेलवे द्वारा हर घंटे 1,500 सामान्य टिकट बेचे जा रहे थे, जिसके कारण स्टेशन पर भीड़ बढ़ गई और स्थिति बेकाबू हो गई। प्लेटफार्म नंबर 14 और प्लेटफार्म नंबर 16 के पास एस्केलेटर के पास भगदड़ मच गई।”

यह घटना रात करीब नौ बजकर 55 मिनट पर हुई, जिसके बाद आपात प्रतिक्रिया की आवश्यकता पड़ी।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि अधिकारियों ने तुरंत बचाव दल भेजा और राहत प्रयासों में सहायता के लिए दमकल की चार गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया।

प्रारंभिक खबरों से पता चला कि प्रयागराज में महाकुंभ के लिए ट्रेन सेवाओं के कारण भीड़भाड़ थी।

उत्तर रेलवे के जन संपर्क अधिकारी हिमांशु उपाध्याय ने ‘पीटीआ-’ को बताया कि भारी भीड़ के कारण कुछ यात्रियों ने एक-दूसरे को धक्का दे दिया, जिससे कुछ यात्री घायल हो गए और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)