देश की खबरें | चार राज्यों के विधानसभा चुनावों का असर लोकसभा चुनाव पर पड़ेगा: आजाद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के नेता गुलाम नबी आजाद ने रविवार को कहा कि चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों का असर अगले साल के लोकसभा चुनावों पर पड़ेगा।
श्रीनगर, तीन दिसंबर डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के नेता गुलाम नबी आजाद ने रविवार को कहा कि चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों का असर अगले साल के लोकसभा चुनावों पर पड़ेगा।
आजाद ने मतगणना के बीच पत्रकारों से कहा, “लोकसभा चुनाव सिर्फ कुछ महीने दूर हैं। इन (विधानसभा) चुनावों के नतीजे निश्चित रूप से संसदीय चुनावों पर असर डालेंगे।”
मतगणना के ताजा आंकड़ों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत हासिल करने की ओर बढ़ रही है, जबकि कांग्रेस तेलंगाना में आगे है।
आजाद ने कहा, “पिछले 25 दिन में मैंने एक बात देखी है कि कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को छोड़ दिया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों की जुबान पर पिछड़े वर्ग हैं। वे पूछते थे कि पिछड़े वर्गों से कितने मुख्यमंत्री हैं?”
उन्होंने कहा, “कांग्रेस के एक भी नेता ने एक बार भी नहीं पूछा कि अल्पसंख्यकों से कितने मुख्यमंत्री हैं।”
कांग्रेस छोड़कर डीपीएपी का गठन करने वाले आजाद ने कहा कि एक ओर भाजपा से अल्पसंख्यकों के बारे में बात करने की उम्मीद नहीं की जा सकती, तो दूसरी ओर कांग्रेस ने भी अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजातियों के चक्कर में उन्हें छोड़ दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)