देश की खबरें | विधानसभा उपचुनाव : आठ अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे कांग्रेस प्रत्याशी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान की धरियावद और वल्लभनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अपना नामांकन आठ अक्तूबर को दाखिल करेंगे।
जयपुर, चार अक्तूबर राजस्थान की धरियावद और वल्लभनगर विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी अपना नामांकन आठ अक्तूबर को दाखिल करेंगे।
पार्टी से मिली सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दोनों सीटों के लिए नामांकन के समय पार्टी प्रत्याशियों के साथ रहेंगे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि इन दोनों सीटों पर मतदान 30 अक्तूबर को होना है। कांग्रेस व मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने अभी इन सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं की है।
चुनावी अधिसूचना के अनुसार प्रतापगढ़ जिले की धरियावद और उदयपुर जिले की बल्लभनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए आठ अक्तूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 11 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच व संवीक्षा होगी तथा 13 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 30 अक्तूबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना दो नवंबर को होनी है।
उल्लेखनीय है कि धरियावद से भाजपा विधायक गौतम लाल मीणा का 19 मई को कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया था। वहीं वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का भी 20 जनवरी को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद निधन हो गया।
राज्य की 200 सीटों वाली विधानसभा में इस समय कांग्रेस के 106 विधायक हैं जबकि भाजपा के 71, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के तीन और माकपा और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के दो दो विधायक वहीं 13 निर्दलीय विधायक है। दो सीटें रिक्त हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 04, 2021 05:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

