एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | असम : 'लेडी सिंघम' के नाम से मशहूर महिला पुलिस अधिकारी की सड़क हादसे में मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कई विवादों में फंसी असम पुलिस की महिला उप-निरीक्षक की मंगलवार तड़के एक सड़क हादसे में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | असम : 'लेडी सिंघम' के नाम से मशहूर महिला पुलिस अधिकारी की सड़क हादसे में मौत

नागांव (असम), 16 मई कई विवादों में फंसी असम पुलिस की महिला उप-निरीक्षक की मंगलवार तड़के एक सड़क हादसे में मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि नागांव जिले में कलियाबोर अनुमंडल के जाखलाबंधा थाना क्षेत्र के तहत सरुभुगिया गांव मे महिला पुलिस अधिकारी की कार एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के समय वह अपनी निजी कार में थी और उन्होंने पुलिस की वर्दी धारण नहीं कर रखी थी।

सड़क हादसे में जान गंवाने वाली महिला पुलिस जुनोमनी राभा, 'लेडी सिंघम' या 'दबंग कॉप' के नाम से मशहूर थी। वह मोरीकोलोंग पुलिस चौकी की प्रभारी थी और अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाती थी।

जाखलाबांधा पुलिस थाने के प्रभारी पवन कालिता ने कहा, "देर रात करीब ढाई बजे हादसे की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा और उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।"

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से आ रहे कंटेनर ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

नागांव की पुलिस अधीक्षक लीना डोले ने सुबह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

हालांकि, पुलिस को इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि महिला पुलिस अधिकारी अपनी निजी कार में बिना किसी सुरक्षा और सादी कपड़ों में अकेले ऊपरी असम की ओर क्यों जा रही थी। वहीं, उनके परिवार को भी इस यात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

पिछले साल जून में उन्हें उनके पूर्व प्रेमी के साथ कथित भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और माजुली जिले की एक अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था जिसके बाद उनकी सेवा निलंबित कर दी गई थी। बाद में उनका निलंबन खत्म कर दिया गया और वह पुलिस सेवा में फिर वापस आ गयी।

पिछले साल जनवरी में बिहपुरिया निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अमिय कुमार भुइंया के साथ उनकी टेलीफोनिक बातचीत लीक होने के कारण भी वह विवाद में आयी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2023 06:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).