असम रविवार से पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों से सटी अपनी सीमाएं खोलेगा
सरमा ने कहा कि सिक्किम में फंसे असम के निवासियों को राज्य में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी क्योंकि वे पश्चिम बंगाल के रास्ते लौटेंगे।
गुवाहाटी, दो मई असम के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार रविवार से पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों से सटी अपनी सीमाएं खोलेगी और बाहर फंसे लोगों को अपने-अपने घर लौटने का रास्ता देगी।
सरमा ने कहा कि सिक्किम में फंसे असम के निवासियों को राज्य में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी क्योंकि वे पश्चिम बंगाल के रास्ते लौटेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘सीमाएं सिर्फ घर लौटने वालों के लिए खोली गयीं हैं, जाने वालों के संबंध में फैसले अन्य राज्य सरकारों पर निर्भर होंगे।’’
सरमा ने कहा कि पूर्वोत्तर के छह राज्यों में फंसे असम के सभी लोग अपने-अपने वाहनों से घर लौट सकते हैं, उन्हें किसी पास की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों की सरकारों को सूचित कर दिया है कि हम रविवार से अपनी सीमाएं खोलेंगे। लोग आ सकते हैं और किसी पास की जरुरत नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि लौटने वालों की सीमाओं पर जांच होगी और वहां मौजूद डॉक्टर तय करेंगे कि उन्हें घरों में पृथक-वास में रखना है या फिर उन्हें अस्पताल भेजना है।
मंत्री ने लोगों से अनुरोध किया कि वे असम में अपने गंतव्य पर शाम छह बजे तक पहुंचने की कोशिश करें क्योंकि सरकार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक की वाहनों की आवाजाही की अनुमति देने पर विचार कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 03, 2020 12:05 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

