देश की खबरें | असम ने बाढ़ प्रभावित त्रिपुरा को वित्तीय सहायता दी

गुवाहाटी, एक सितंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि राज्य ने बाढ़ प्रभावित त्रिपुरा को पांच करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी है।

असम के मंत्री जयंत मल्लाबरुआ ने अगरतला में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा को पांच करोड़ रुपये का एक चेक सौंपा।

असम के मुख्यमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘असम के लोग संकट की इस घड़ी में त्रिपुरा के लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। माननीय मुख्यमंत्री जी, पांच करोड़ रुपये की यह सहायता राशि असम के 3.5 करोड़ लोगों की त्रिपुरा में जल्द ही सामान्य स्थिति बहाल होने की प्रार्थनाओं के साथ आई है।’’

साहा ने इस वित्तीय सहायता के लिए असम के लोगों और शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

साहा ने कहा, ‘‘आज माननीय मंत्री जयंत मल्लाबरुआ जी द्वारा पांच करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया, जो असम के लोगों की एकजुटता और समर्थन का प्रतीक है। आपकी दयालुता, उदारता और करुणा के लिए धन्यवाद! आपका योगदान बाढ़ से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने में हमारी बहुत मदद करेगा।’’

त्रिपुरा में 19-24 अगस्त के दौरान आई बाढ़ में कम से कम 32 लोगों की मौत हो चुकी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)