एजेंसी न्यूज

Assam Online Trading Scam: आनलाइन ट्रेडिंग’ घोटाले में सीबीआई ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने असम में 2,200 करोड़ रुपये के ‘आनलाइन ट्रेडिंग’ घोटाले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.

Assam Online Trading Scam: आनलाइन ट्रेडिंग’ घोटाले में सीबीआई ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया
(Photo Credits Twitter)

नयी दिल्ली, 15 नवंबर : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने असम में 2,200 करोड़ रुपये के ‘आनलाइन ट्रेडिंग’ घोटाले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि आरोपी गोपाल पॉल को ‘एजेआरएस मार्केटिंग’ मामले के सिलसिले में सिलीगुड़ी में एक ठिकाने से गिरफ्तार किया गया. यह मामला घोटाले से संबंधित 41 मामलों में से एक है जिनकी एजेंसी जांच कर रही है. प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सीबीआई ने असम सरकार की सिफारिश के बाद राज्य में विभिन्न अनियमित जमा योजनाओं से संबंधित 41 मामलों की जांच अपने हाथ में ले ली है.’’

पूर्व में इस मामले की जांच करते हुए असम पुलिस ने इसके मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि पॉल तब भी फरार था. एजेंसी ने अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में राज्य पुलिस से मामले अपने हाथ में ले लिए थे. बयान में कहा गया है कि सीबीआई ने पांच राज्यों में 92 स्थानों पर नए सिरे से छापेमारी की और तलाशियों में 24 मोबाइल फोन, 18 कंप्यूटर, सात ‘हार्ड ड्राइव’ तथा 11 लैपटॉप जब्त किए गए. एजेंसी ने उन जमाकर्ताओं के विवरण वाले ‘डेटाबेस’ का सफलतापूर्वक पता लगा लिया है जिन्हें धोखा देकर अनियमित जमा योजनाओं में निवेश करने के लिए राजी किया गया था. यह भी पढ़ें : देश की खबरें | महाराष्ट्र: कारोबारी का अपहरण कर 40 हजार रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में चार लोगों पर मामला दर्ज

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘एजेआरएस मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड’ से जुड़े एक विशेष मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही फरार एक मुख्य आरोपी को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है. उसे सिलीगुड़ी में एक ठिकाने से पकड़ लिया जहां से अपराध सिद्ध करने वाले साक्ष्य भी बरामद किए गए.’’ राज्य में ‘ऑनलाइन ट्रेडिंग’ घोटाला अगस्त के अंतिम सप्ताह में तब प्रकाश में आया था, जब 29 वर्षीय दीपांकर बर्मन की कंपनी में भारी मात्रा में धन लगाने वाले निवेशकों ने उन्हें धन वापस नहीं दिए जाने का आरोप लगाया. बर्मन का कार्यालय 21 अगस्त से बंद है. राज्य पुलिस ने बर्मन, बिशाल फुकन, अभिनेत्री सुमी बोरा और उनके पति समेत अन्य को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अब तक करीब 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 15, 2024 02:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).