देश की खबरें | असम : मादक पदार्थ तस्करों के साथ मुठभेड़ में एक तस्कर की मौत, पांच घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम के कामरूप जिले में रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर की मौत हो गई और एक महिला पुलिसकर्मी सहित पांच लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
रंगिया (असम), तीन दिसंबर असम के कामरूप जिले में रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर की मौत हो गई और एक महिला पुलिसकर्मी सहित पांच लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कामरूप जिले के अपर पुलिस अधीक्षक कल्याण कुमार पाठक के मुताबिक, मादक पदार्थ की एक खेप ले जा रहे वाहन की सूचना प्राप्त होने के बाद अमीनगांव के समीप अगियाथुरी में एक (अस्थायी) जांच चौकी लगायी थी।
उन्होंने बताया, ‘‘तीन मादक पदार्थ तस्कर एक लग्जरी कार में यात्रा कर रहे थे। जब उनसे रुकने के लिए कहा गया तो उन्होंने अपनी चलती गाड़ी से पुलिसकर्मियों पर गोली चलानी शुरू कर दीं और मौके से भागने का प्रयास किया।’’
अधिकारी ने बताया, ''हमने तुरंत जवाबी गोलीबारी की और उनका पीछा किया। गोलीबारी में एक मादक पदार्थ तस्कर की मौके पर ही मौत हो गई। मुठभेड़ में दो अन्य तस्कर भी घायल हो गए।''
पाठक ने बताया कि कांस्टेबल हिमा दास को गोली लगी है।
उन्होंने कहा कि दो स्थानीय व्यक्ति नूर इस्लाम और रेबती भराली दोनों ओर से हुई गोलीबारी के दौरान घायल हुए हैं।
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान गुवाहाटी निवासी सलेम के रूप में हुई है।
सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिन्हें बाद में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया।
पाठक ने बताया कि पुलिस ने वाहन से एक थैला बरामद किया है, जो संदिग्ध मादक पदार्थ से भरा हुआ था।
उन्होंने बताया, ''मुठभेड़ के दौरान तस्करों की गाड़ी ने इलाके के कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी, जिसकी वजह से सड़क पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। अब हालात काबू में हैं।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)