देश की खबरें | असम सरकार भारत में सबसे भ्रष्ट है: राहुल गांधी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारत में ‘सबसे भ्रष्ट सरकार’ शायद असम में है।
शिवसागर (असम), 18 जनवरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि भारत में ‘सबसे भ्रष्ट सरकार’ शायद असम में है।
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के नगालैंड से असम में प्रवेश करने के तुरंत बाद, गांधी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की आलोचना की और कहा कि वे ‘‘नफरत फैला रहे हैं और जनता का पैसा लूट रहे हैं।’’
गांधी ने शिवसागर जिले के हालोवाटिंग में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भारत में सबसे भ्रष्ट सरकार शायद असम में है। हम ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान असम के मुद्दों को उठाएंगे।’’
मणिपुर के बारे में बात करते हुए गांधी ने कहा कि उस राज्य में गृह युद्ध जैसी स्थिति है।
मेइती समुदाय की अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे की मांग के विरोध में पर्वतीय जिलों में 'आदिवासी एकजुटता मार्च' आयोजित किए जाने के बाद पिछले साल तीन मई को पहली बार झड़पें हुई थीं।
मणिपुर में मेइती लोगों की आबादी लगभग 53 प्रतिशत है और वे ज्यादातर इंफाल घाटी में रहते हैं, जबकि आदिवासियों-नगा और कुकी समुदाय की आबादी 40 प्रतिशत है जो पर्वतीय जिलों में रहते हैं।
गांधी ने कहा, ‘‘राज्य बंटा हुआ है और प्रधानमंत्री वहां (मणिपुर) गए तक नहीं। नगालैंड में, नौ साल पहले एक समझौते (नगा राजनीतिक मुद्दे का समाधान करने के लिए) पर हस्ताक्षर किए गए थे और लोग अब पूछ रहे हैं कि इसका क्या हुआ।’’
भाजपा के इस बयान पर पलटवार करते हुए कि ऐसी यात्राओं से कांग्रेस को कोई फायदा नहीं होगा, गांधी ने कहा कि पिछले साल की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने देश के ‘‘राजनीतिक विमर्श’’ को बदल दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा और आरएसएस नफरत फैला रहे हैं और एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ लड़वा रहे हैं। उनका एकमात्र काम जनता का पैसा लूटना है।’’
कांग्रेस सांसद के नेतृत्व में 6,713 किलोमीटर की यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई थी और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी। असम में यह यात्रा 25 जनवरी तक जारी रहेगी।
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 15 राज्यों के 110 जिलों से होकर गुजरेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 18, 2024 12:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

