एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मतदाता सूची में छेड़छाड़ का आरोप लगाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य में मतदाता सूची निष्पक्ष नहीं है।

देश की खबरें | असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मतदाता सूची में छेड़छाड़ का आरोप लगाया

गुवाहाटी, 26 जून असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्य में मतदाता सूची निष्पक्ष नहीं है।

गोगोई ने कहा कि सही मतदाता सूची लोकतंत्र में ‘‘मुख्य हथियार’’ है।

उन्होंने कहा कि समय उनकी पार्टी के लिए ‘‘दुश्मन’’ है क्योंकि उसे कम समय में मौजूदा भाजपा सरकार को हटाने के लिए तैयार रहना है।

गोगोई ने यहां मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘मतदाता सूची लोकतंत्र में मुख्य हथियार है। यह बहुत महत्वपूर्ण है...लेकिन आज अघोषित आपातकाल है, जहां हमारे पास निष्पक्ष चुनाव आयोग या मतदाता सूची नहीं है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने मतदाता सूची में ‘छेड़छाड़’ की है। उन्होंने कहा, ‘‘जिन युवाओं ने लोकसभा चुनाव के दौरान एक निश्चित क्षेत्र या मतदान केंद्र पर मतदान किया था, उन्हें बाद में विधानसभा उपचुनाव या पंचायत चुनावों में उसी स्थान पर अपना नाम नहीं मिला।"

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के बारे में गोगोई ने कहा कि पार्टी इस समयावधि में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘समय हमारा दुश्मन है। समय बहुत कम है। हमें अपने उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए इस कम समयावधि में काम करना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब हम जल्दबाजी में काम करते हैं, तो कुछ काम ठीक से नहीं हो पाते और कुछ गलत होने का जोखिम रहता है। हमें सावधान भी रहना होगा।’’

गोगोई ने कहा कि पार्टी की सभी शाखाओं को मजबूत किया जा रहा है और उनके भीतर की खाई को पाटा जा रहा है।

गोगोई ने कहा, ‘‘हम सभी मिलकर काम कर रहे हैं, और हमारे बीच अच्छा समन्वय है।’’

उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने में कांग्रेस ने सरकार को "घबरा दिया" है।

उन्होंने कहा, "हमारी प्रतिक्रिया बहुत सकारात्मक रही है। जिस तरह से सरकार अपने भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए प्रेस पर हमला कर रही है, उससे हमारी पार्टी की लोकप्रियता स्पष्ट होती है।"

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जमीनी स्तर से फीडबैक भी जुटाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अध्यक्ष-केंद्रित दृष्टिकोण से काम नहीं कर रहे हैं। इसलिए हमने पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से जमीनी स्तर तक पहुंचने के लिए 88 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।’’

गोगोई ने कहा कि पार्टी बाढ़ की समस्या, ‘सिंडिकेट’, भ्रष्टाचार आदि सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘जाति जनगणना पर भी हमारा ध्यान है, ताकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी की मदद की जा सके।’’

गोगोई ने कहा कि पार्टी "वोट बढ़ाने और आसानी से जीतने" के उद्देश्य से सभी 126 विधानसभा सीटों पर पूरी ताकत से काम करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 26, 2025 09:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).