नयी दिल्ली, 23 मई असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शुक्रवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उन्हें राज्य से संबंधित विभिन्न मामलों की जानकारी दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि शर्मा ने गृह मंत्री को अपने राज्य से संबंधित विभिन्न मामलों और हाल में संपन्न पंचायत चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की शानदार जीत के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने ‘लाल आतंक’ को खत्म करने में हुई उल्लेखनीय प्रगति के लिए गृह मंत्री को बधाई भी दी।
विज्ञप्ति में कहा गया कि शाह ने पंचायत चुनाव में राजग की व्यापक जीत के लिए शर्मा को बधाई दी।
शर्मा ने बाद में ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘आज नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से मुलाकात करने का मौका मिला। मैंने उन्हें असम से संबंधित विभिन्न मामलों की जानकारी दी, जिसमें हाल में हुए पंचायत चुनावों में राजग की शानदार जीत भी शामिल है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस मौके पर मैंने ‘लाल आतंक’ को समाप्त करने में हासिल की गई बड़ी सफलता के लिए भी उनकी सराहना की।’’
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय स्वास्थ्य, रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी मुलाकात की और असम के नामरूप में ‘ब्राउनफील्ड अमोनिया यूरिया कॉम्प्लेक्स’ के लिए जारी आधारभूत कार्य में तेजी लाने में उनकी सहायता मांगी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 10,601.40 करोड़ रुपये की लागत से यूरिया संयंत्र की स्थापना को मंजूरी दी है। इस परियोजना का उद्देश्य घरेलू यूरिया उत्पादन को बढ़ावा देना है।
शर्मा ने नड्डा से राज्य में चिकित्सा शिक्षा सुविधाओं को बढ़ाने और नए नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने का भी अनुरोध किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY