असम: लॉकडाउन के नियमों को लागू कराने की कोशिश के दौरान दुर्घटनावश चली गोली, दो लोग घायल
जमात

नौगांव (असम), 15 मई असम के नौगांव शहर में भीड़-भाड़ वाले एक बाजार में शुक्रवार को लॉकडाउन के नियमों को लागू कराने वाले एक पुलिस अधिकारी की सर्विस रिवाल्वर जब एक निलंबित कांस्टेबल ने छीनने की कोशिश की, तब उससे गोली चल जाने से दो लोग घायल हो गये। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ईद की खरीददारी करने को लेकर लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए और सामाजिक दूरी के नियमों की अनदेखी करते हुए बाजार में भीड़ लग गई थी। वहां तैनात पुलिसकर्मी ने लोगों को घर लौटने के लिये मनाने की कोशिश की, लेकिन खरीदारों की भीड़ को एक निलंबित कांस्टेबल ने कथित तौर पर उकसा दिया। इसके बाद भीड़ उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि निलंबित कांस्टेबल ने वहां ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारी की सर्विस रिवाल्वर छीनने की कोशिश की, जिस दौरान उससे दुर्घटनावश गोली चल गई। इस घटना में कांस्टेबल और पास में खड़ी एक महिला गोली लगने से घायल हो गई।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जिला प्रशासन ने कहा कि घटना की उच्चस्तरीय जांच की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि असम सरकार ने केंद्र से 17 मई के बाद लॉकडाउन एक पखवाड़े के लिये बढ़ाने का अनुरोध किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)