एजेंसी न्यूज

IND Beat KOR, Asian Champions Trophy 2023: भारत ने कोरिया को 3-2 से हराकर हॉकी एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी के सेमीफाइनल में किया क्वालीफाई

भारत ने अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए सोमवार को यहां एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी के राउंड रोबिन मैच में गत चैंपियन दक्षिण कोरिया को 3-2 से हरा दिया।

IND Beat KOR, Asian Champions Trophy 2023: भारत ने कोरिया को 3-2 से हराकर हॉकी एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी के सेमीफाइनल में किया क्वालीफाई
भारतीय हॉकी टीम( Photo Credit: Twitter)

चेन्नई, सात अगस्त भारत ने अपना अजेय अभियान जारी रखते हुए सोमवार को यहां एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी के राउंड रोबिन मैच में गत चैंपियन दक्षिण कोरिया को 3-2 से हरा दिया. सोमवार को ही मलेशिया के खिलाफ जापान की हार के कारण मैच से पहले ही सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित कर चुके भारत की ओर से मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में निलाकांता शर्मा (छठे मिनट), हरमनप्रीत सिंह (23वें मिनट) और मनदीप सिंह (33वें मिनट) ने गोल दागे. कोरिया की ओर से किम सुंगह्युन ने 12वें मिनट जबकि यैंग जीहुन ने 58वें मिनट में गोल किया. यह भी पढ़ें: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने मौजूदा चैंपियन दक्षिण कोरिया को 3-2 से हराया, सेमीफ़ाइनल ने जगह की पक्की

इस जीत की बदौलत भारत चार मैच में 10 अंक के साथ शीर्ष पर चल रहा है. मेजबान टीम ने तीन मैच में जीत दर्ज की है जबकि एक मैच ड्रॉ छूटा. भारत अपना आखिरी लीग मैच बुधवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा जबकि अंतिम चार में जगह सुनिश्चित करने के लिए कोरिया की भिड़ंत मलेशिया से होगी.

भारत ने मैच की अच्छी शुरुआती की. निलाकांता ने छठे ही मिनट में भारत को बढ़त दिलाई. शमशेर सिंह ने अच्छा मूव बनाते हुए गेंद सुखजीत के पास पहुंचाई जिन्होंने दो डिफेंडर को छकाते हुए गेंद को निलाकांता के पास पहुंचा दिया। निलकांता ने गेंद को गोल में डालने में कोई गलती नहीं की.

भारत को हालांकि जश्न मनाने का अधिक समय नहीं मिला और कोरिया ने छह मिनट बाद ही सुंगह्युन के गोल की बदौलत बराबरी हासिल कर ली. सुंगह्युन ने मेनजेई जुंग के पास पर भारतीय गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक को अपने दमदार शॉट से पछाड़ते हुए गोल किया. पाठक अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे थे.

दूसरे क्वार्टर में भारत का दबदबा देखने को मिला। मेजबान टीम ने चार मौके बनाए और 23वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर हरमनप्रीत के गोल की बदौलत स्कोर 2-1 कर दिया.

भारत ने आक्रामक रुख जारी रखा। टीम को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन यह बर्बाद चला गया.

मध्यांतर तक भारतीय टीम 2-1 से आगे थी।

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही मनदीप ने शमशेर सिंह के पास पर गोल दागकर भारत की बढ़त को 3-1 तक पहुंचाया.

कोरिया को पनेल्टी कॉर्नर मिला लेकिन कप्तान जोंगह्युन जैंग का शॉट लक्ष्य से दूर रहा। भारत को इसके बाद तीन और मौके मिले लेकिन कार्ति सेलवम और मनदीप सिंह गोल करने में नाकाम रहे।

चौथे क्वार्टर के दूसरे ही मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला जो पेनल्टी स्ट्रोक में बदला लेकिन हरमनप्रीत इसे गोल में नहीं पहुंचा सके.

कोरिया को इसके लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन जैंग इनमें से किसी को भी गोल में नहीं बदल सके.

कोरिया के गोलकीपर ने भी 50वें मिनट में मनदीप और सुखजीत के प्रयासों को नाकाम किया.

कोरिया को पेनल्टी कॉर्नर पर और नाकामी हाथ लगी. टीम हालांकि 58वें मिनट में यैंग के मैदानी गोल से भारत की बढ़त को कम करने में सफल रही.

कोरिया ने अंतिम लम्हों में बराबरी का गोल दागने का भरसक प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 07, 2023 11:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).