देश की खबरें | जब तक सूरज-चांद रहेगा देश भारत नाम से जाना जाएगा : हिमंत

नयी दिल्ली, पांच सितंबर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को दावा किया कि हर राज्य के लोग चाहते हैं कि देश को भारत के रूप में जाना जाए और कहा कि जब तक सूरज-चांद रहेगा राष्ट्र भारत के नाम से जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता शर्मा ने विपक्षी दलों पर हिंदू धर्म और भारत नाम का उन्मूलन करने की साजिश रचने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए दावा किया, ‘‘भारत, सूरज और चांद जितना पुराना है। जब तक सूरज-चांद रहेगा भारत का अस्तित्व बना रहेगा...हर राज्य और इसके लोग चाहते हैं कि देश को भारत के रूप में जाना जाए।’’

जी-20 रात्रिभोज के निमंत्रण पत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ की जगह ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ कहकर संबोधित किये जाने से उपजे विवाद के बाद शर्मा ने यह टिप्पणी की।

विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार इंडिया शब्द हटाने और देश का नाम केवल भारत रखने की योजना बना रही।

शर्मा ने कहा, ‘‘विपक्ष हिंदू धर्म का उन्मूलन करने की साजिश रच रहा। अब, वे इससे भी आगे बढ़ गये हैं और भारत को भी खत्म करना चाहते हैं।’’

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘विपक्ष को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछना चाहिए कि उन्होंने अपनी पदयात्रा को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ नाम क्यों दिया था, ‘इंडिया जोड़ो यात्रा’ क्यों नहीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम जब इसे भारत कहते हैं, उन्हें दिक्कत होती है। लेकिन जब वे भारत कहते हैं, तब उन्हें कोई समस्या नहीं होती। कांग्रेस हिंदू और भारत के खिलाफ है।’’

शर्मा ने कहा कि संविधान में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि इंडिया का मतलब भारत है। उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत नाम हजारों वर्षों से है...हमारे देश का नाम भारत था, अभी यह भारत है और यह भारत ही रहेगा।’’

भाजपा नेता ने कहा कि देश अमृत काल की ओर बढ़ रहा और हैरानगी जताई कि देश को अंग्रेजी नाम से क्यों जाना जाए। इसका भारतीय नाम होना चाहिए, जो एक भारतीय शब्द हो।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर किये गये कई पोस्ट में कहा कि ऐसा लगता है कि भारत के प्रति कांग्रेस की घोर नापसंदगी है और विपक्षी गठबंधन ने ‘‘भारत’’ को नीचा दिखाने के लक्ष्य से इरादतन इसका नाम ‘‘इंडिया’’ चुना।

उन्होंने कहा, ‘‘रिपब्लिक ऑफ भारत - खुशी और गर्व है कि हमारी सभ्यता अमृत काल की ओर मजबूती से बढ़ रही है।’’

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के एक पोस्ट का जवाब देते हुए ‘एक्स’ पर शर्मा ने कहा, ‘‘अब मेरी आशंका सही साबित हो गई है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस पार्टी की भारत के प्रति घोर नापसंदगी है। ऐसा प्रतीत होता है कि भारत को नीचा दिखाने के लिए ‘आई.एन.डी.आई. गठबंधन’ (इंडिया) नाम इरादतन चुना गया।’’

कांग्रेस, ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा है।

रमेश ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘यह खबर वास्तव में सच है। राष्ट्रपति भवन ने जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए नौ सितंबर का निमंत्रण पत्र ‘प्रेसिडेंट ऑफ इंडिया’ के बजाय ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ के नाम से भेजा है।’’

दिल्ली में नौ और 10 सितंबर को भारत की अध्यक्षता के तहत जी20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन सहित विश्व भर से कई राष्ट्राध्यक्ष इस कार्यक्रम में शरीक होने वाले हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)