एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने अहमदाबाद में साबरमती आश्रम का दौरा किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को यहां साबरमती आश्रम का दौरा किया और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। आम आदमी पार्टी के ये दोनों नेता शहर की दो-दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार रात को पहुंचे।

देश की खबरें | अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने अहमदाबाद में साबरमती आश्रम का दौरा किया

अहमदाबाद, दो अप्रैल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को यहां साबरमती आश्रम का दौरा किया और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। आम आदमी पार्टी के ये दोनों नेता शहर की दो-दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार रात को पहुंचे।

भारतीय जनता पार्टी शासित गुजरात में उनकी यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की जमीन तैयार करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, जहां इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। केजरीवाल और मान ने साबरमती आश्रम में हृदय कुंज का दौरा किया, जहां महात्मा गांधी रहते थे। इसके अलावा उन्होंने संग्रहालय का भी दौरा किया तथा गांधी की प्रतिमा के आगे शीश झुकाये।

आम आदमी पार्टी (आप) ने पिछले महीने पंजाब विधानसभा में चुनाव में कुल 117 में से 92 सीट जीतकर तीन-चौथाई बहुमत हासिल किया था।

दोनों नेता शनिवार को शहर में रोड शो करेंगे।

इससे पहले दोनों नेताओं ने आश्रम में आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार दर्ज किये और आश्रम के अधिकारियों ने उन्हें चरखे की एक प्रतिकृति तथा महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित पुस्तकें भेंट की।

गांधी आश्रम की अपनी यात्रा के दौरान, दोनों नेताओं ने चरखा पर हाथ आजमाया, महात्मा गांधी को उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की, और संग्रहालय का दौरा किया।

आगंतुक पुस्तिका में केजरीवाल ने लिखा कि वह उस देश में पैदा होकर धन्य महसूस कर रहे हैं, जहां गांधीजी ने जन्म लिया था।

केजरीवाल ने ‘विजिटर्स डायरी’ में लिखा, "यह आश्रम एक आध्यात्मिक स्थान है। ऐसा लगता है जैसे गांधीजी की आत्मा यहां निवास करती है। यहां आकर एक आध्यात्मिक अनुभूति होती है। मैं खुद को धन्य मानता हूं कि मैं उस देश में पैदा हुआ, जहां गांधी जी का जन्म हुआ था।"

केजरीवाल ने संवाददाताओं से कहा, “दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद मैं पहली बार साबरमती आश्रम आया हूं। इससे पहले जब मैं एक सामाजिक कार्यकर्ता था, तब कई बार इस जगह पर आया था।”

उन्होंने कहा, “मैं जब भी यहां आता हूं, मुझे आंतरिक शांति मिलती है।” आम आदमी पार्टी के स्थानीय नेताओं ने बताया कि केजरीवाल आज शाम को शहर के पूर्वी क्षेत्रों में दो किलोमीटर का रोडशो करेंगे।

मान ने डायरी में लिखा है, ''आज गांधी आश्रम के भ्रमण के दौरान देश के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान इस्तेमाल होने वाली कई चीजें देखने को मिलीं, जैसे गांधी का हस्तलिखित पत्र, मूल चरखा और उनके जीवन से जुड़ी कई अन्य बातें।''

उन्होंने कहा, ''आज आजाद देश में रहते हुए हमें उन क्रांतिकारियों के बलिदान को याद करना होगा।''

मान ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि वह शहीदों की भूमि से आते हैं और हर गांव में ऐसे लोग हैं जिन्होंने देश की आजादी के लिए लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा कि पंजाब में लगभग हर घर में चरखा है, जिस पर महिलाएं पारंपरिक गीत गुनगुनाते हुए सूत कातती हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 02, 2022 05:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).