ईटानगर, 15 मई अरुणाचल प्रदेश सरकार ने 18 मई से विभिन्न स्थानों के लिए राज्य परिवहन की बसों का परिचालन शुरू करने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
राज्य परिवहन सेवा के महाप्रबंधक अबू तायेंग ने बताया कि फैसला एक दूसरे जिले में फंसे यात्रियों और लोगों की सार्वजनिक परिवहन की भारी मांग के मद्देनजर लिया गया है।
तायेंग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी आदेश में कहा गया कि ईटानगर से बोमडिला, जीरो, दपोरिजो, अलाओ, पासीघाट और रोइंग के लिए रोजाना बस सेवा संचालित होगी जबकि ईटानगर से तवांग के लिए हफ्ते में दो दिन सोमवार और बृहस्पतिवार को बसों का परिचालन किया जाएगा।
महाप्रबंधन ने बताया कि ईटानगर से तेजू, मियाओ, चांगलांग, खोंसा, लॉगडिंग, लिकाबली, कामले, तिरबिन, बसर,पेके-केसांग, कायिंग और लिरोमोबा के लिए हर दूसरे दिन बस सेवा होगी।
उन्होंने बताया कि ईटानगर से कोलोरियांग हफ्ते में हर मंगलवार और शुक्रवार, नयापिन के लिए हर रविवार और बृहस्पतिवार, करा-दादी के लिए हर मंगलवार और बृहस्पतिवार बस का परिचालन होगा।
राज्य के परिवहन सचिव दानी सुलु ने एक अन्य आदेश में बृहस्पतिवार को बताया कि अन्य अंतर-जिला रूट पर खासतौर पर ईटानगर को जोड़ने वाले मार्गों पर पूर्व निर्धारित सामान्य सारिणी के तहत बसों का परिचालन किया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY