देश की खबरें | अरुणाचल के राज्यपाल ने सीमा पर सुरक्षाबलों से सतर्क रहने को कहा

ईटानगर, 26 नवंबर अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के टी परनाइक (सेवानिवृत्त) ने सुरक्षाबलों से सतर्क रहने और संवेदनशील सीमाओं की रक्षा में भारतीय सशस्त्र बलों की वीरतापूर्ण परंपराओं को बनाए रखने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने पूर्वोत्तर राज्य के अंजाव जिले में वालोंग के अपने दौरे पर भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और राज्य पुलिस के कर्मियों के साथ संवाद करते हुए शनिवार को कहा कि राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमा राष्ट्र की सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

राजभवन की ओर से यहां जारी एक विज्ञप्ति में बताया गया कि परनाइक ने सुरक्षाबलों के साथ सीमा प्रबंधन से जुड़े अहम बिंदुओं को साझा किया और उन्हें शारीरिक फिटनेस एवं पर्याप्त मानसिक सतर्कता बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने सीमा को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक आधुनिक सुरक्षा प्रारूप और कदमों पर भी कर्मियों के साथ बातचीत की।

राज्यपाल ने सुरक्षाबलों को सतर्क रहने और लोगों के बीच सुरक्षा की भावना पैदा करने की सलाह दी। उन्होंने स्थानीय आबादी में सैन्यकर्मियों को लेकर सद्भावना बढ़ाने पर भी जोर दिया।

अंजाव जिले के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान राज्यपाल ने वालोंग युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि भी अर्पित की।

इससे पहले किबिथू में 2 डिवीजन जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल वी एस देशपांडे और 82 माउंटेन ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर आर भंडारी ने उन्हें वास्तविक नियंत्रण रेखा की सुरक्षा के लिए अभियानगत तैयारियों और सुरक्षा उपायों के बारे में भी जानकारी दी।

राज्यपाल ने किबिथू में ‘वाइब्रेंट बॉर्डर विलेज’ कार्यक्रम के तहत चयनित सीमावर्ती गांवों के निवासियों के साथ भी बातचीत की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)